लाल किला ब्लास्ट! अमित शाह ने दिए बहु-एजेंसी जांच के आदेश, पीएम मोदी ने ली स्थिति की जानकारी

11 Nov 2025 00:04:03

Red Fort blast Amit Shah orders multi-agency probe PM Modi reviews situation
नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार शाम हुए भयावह धमाके ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। यह धमाका शाम करीब 6:52 बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास स्थित ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक हुंडई i20 कार में हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा, और मौके पर अफरातफरी मच गई। लोकनायक जयप्रकाश नारायण (LNJP) अस्पताल के अधिकारियों के मुताबिक, 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 7 घायल हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
अमित शाह ने दिए बहु-एजेंसी जांच के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के निदेशक तपन डेका से बातचीत कर बहु-एजेंसी जांच के निर्देश दिए हैं। शाह ने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG), फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) और दिल्ली पुलिस मिलकर इस घटना की गहन जांच करें। उन्होंने यह भी कहा कि “हम सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच करेंगे। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की भी समीक्षा की जा रही है।” शाह ने बताया कि दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें धमाके की सूचना मिलते ही 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गई थीं।
फोरेंसिक और NIA टीम मौके पर, सुरक्षा बढ़ाई गई
फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित करने का कार्य शुरू कर दिया है। NIA और NSG बम स्क्वायड भी मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच में जुट गए हैं। दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा, “यह धमाका एक धीमी गति से चल रहे वाहन में हुआ, जिससे आसपास की कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। सभी एजेंसियां FSL, NIA, NSG मौके पर मौजूद हैं और जांच जारी है।” गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, सभी एजेंसियों को आदेश दिया गया है कि वे विस्फोट के कारण और प्रकृति की विस्तृत रिपोर्ट जल्द से जल्द पेश करें। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्थिति की जानकारी ली और गृह मंत्री से लगातार संवाद बनाए हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाया भयावह मंजर
धमाके के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के बाद चारों तरफ धुआं, लपटें और चीख-पुकार का माहौल था। एक स्थानीय निवासी ने बताया, “हमने सड़क पर लोगों के शरीर के अंग बिखरे देखे। यह नज़ारा शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।” दमकल विभाग के उपमुख्य अधिकारी ए.के. मलिक ने बताया कि सूचना मिलते ही सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और शाम 7:29 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है और लाल किला, चांदनी चौक, और दरियागंज इलाके में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सरकार ने जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करें।
Powered By Sangraha 9.0