दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक भीषण धमाका हुआ, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 7 अन्य घायल हो गए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह धमाका शाम 7 बजे के करीब लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल के निकट खड़ी ह्युंडई i20 कार में हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा और राहगीर घायल हो गए। पुलिस और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और घायलों को लोक नायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल पहुंचाया गया।
गृह मंत्री अमित शाह ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्थिति का संज्ञान लिया और रात में LNJP अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। अमित शाह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। उन्होंने कहा, “प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार कुछ लोगों की जान गई है। NSG, NIA और FSL की टीमें जांच में जुट गई हैं। आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि कारणों का पता चल सके।”
प्रधानमंत्री मोदी ने ली स्थिति की जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस घटना की जानकारी ली और गृह मंत्री अमित शाह से बात कर पूरी स्थिति का अपडेट लिया। दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया कि “शाम करीब 6:52 बजे एक धीमी गति से चल रही कार सिग्नल पर रुकी थी, तभी उसमें विस्फोट हुआ। धमाके से आसपास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।” उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियां—एनआईए, एफएसएल और क्राइम ब्रांच—मौके पर पहुंच चुकी हैं और संयुक्त जांच जारी है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।