Image Source:(Internet)
नागपुर।
दिल्ली (Delhi) के ऐतिहासिक लाल किले के पास सोमवार शाम हुए भीषण धमाके ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस धमाके में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक घायल हुए हैं। इस घटना के बाद नागपुर सहित महाराष्ट्र के सभी प्रमुख शहरों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। नागपुर पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नरेट के सूत्रों के अनुसार, गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर खास नजर रखी जा रही है।
त्योहारों से पहले बढ़ी सुरक्षा, पुलिस की विशेष निगरानी
लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में हुआ यह धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास की कई गाड़ियों में आग लग गई। घटना के बाद राजधानी में अफरातफरी मच गई। इस घटना के मद्देनजर नागपुर में भी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, सिताबर्डी फोर्ट, मॉल और जीरो माइल जैसे संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए दल तैयार हैं और शहरवासियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, बल्कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
नेताओं ने की घटना की निंदा
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। फडणवीस, जो राज्य के गृहमंत्री भी हैं, ने कहा कि महाराष्ट्र के सभी शहरों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है और पुलिस को हर स्तर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। नागपुर में सामाजिक संगठनों और युवाओं ने ब्लास्ट के पीड़ितों के प्रति श्रद्धांजलि प्रकट करते हुए शाम को कैंडल मार्च आयोजित करने की घोषणा की है। शहरवासियों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं देश की एकता और शांति को चुनौती देती हैं, लेकिन भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहेगा।