अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी रोहिणी कलम ने की आत्महत्या! बहन ने कार्यस्थल के तनाव को बताया कारण

    27-Oct-2025
Total Views |
- देवास में फांसी लगाकर दी जान
 
Rohini Kalam commits suicide
Image Source:(Internet)
देवास।
मध्य प्रदेश के देवास शहर से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय जुजित्सु खिलाड़ी और मार्शल आर्ट्स कोच रोहिणी कलम (Rohini Kalam) ने आत्महत्या कर ली। 35 वर्षीय रोहिणी का शव रविवार को उनके घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार, यह घटना अर्जुन नगर, राधागंज इलाके में हुई। रोहिणी की छोटी बहन रोशनी कलम ने उन्हें कमरे में लटका हुआ पाया और तुरंत परिजनों को सूचना दी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के समय उनकी मां मंदिर गई हुई थी और पिता, जो बैंक नोट प्रेस से सेवानिवृत्त हैं, घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
 
नौकरी के तनाव से थीं परेशान
रोशनी कालम ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि रोहिणी कुछ समय से मानसिक रूप से बेहद तनाव में थीं। वह आष्टा के एक निजी स्कूल में मार्शल आर्ट्स कोच के रूप में कार्यरत थीं, जहां के स्टाफ और प्रिंसिपल से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था। रोशनी के अनुसार, “वह अपने काम को लेकर चिंतित थीं। स्कूल के प्रिंसिपल और फैकल्टी उन्हें तंग कर रहे थे, और मैं यह उनके फोन पर बातचीत से महसूस कर रही थी।” बताया जा रहा है कि रोहिणी शनिवार को ही देवास लौटी थीं। रविवार सुबह उन्होंने सामान्य रूप से चाय-नाश्ता किया और किसी से फोन पर बात करने के बाद अपने कमरे में चली गईं, जिसके बाद दरवाजा अंदर से बंद कर लिया।
 
खेल जगत में रही उल्लेखनीय उपलब्धियां
रोहिणी कालम ने 2007 में अपने खेल जीवन की शुरुआत की थी और 2015 से जुजित्सु में प्रोफेशनल मुकाबले खेलने लगी थीं। उन्होंने 19वें एशियन गेम्स (हांगझोऊ) में भारत का प्रतिनिधित्व किया था और वर्ल्ड गेम्स (बर्मिंघम) के लिए चयनित होने वाली भारत की एकमात्र खिलाड़ी थीं। उन्होंने थाईलैंड ओपन ग्रां प्री 2022 में 48 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक और 8वें एशियन जुजित्सु चैम्पियनशिप 2024 (अबू धाबी) में डुओ क्लासिक इवेंट में भी कांस्य पदक जीता था। हाल ही में उन्होंने कॉम्बैट गेम्स, सऊदी अरब के लिए भी क्वालीफाई किया था। परिवार के अनुसार, कुछ महीने पहले उनका पेट की गांठ का ऑपरेशन हुआ था और तब से वह शारीरिक रूप से कमजोर थीं। पुलिस ने बैंक नोट प्रेस थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।