नागपुर को मिलेगा अर्धचंद्र आकार का विधान भवन! नई संसद भवन से प्रेरित डिजाइन

22 Oct 2025 17:09:06
- आधुनिकता और विरासत का संगम

Vidhan Bhavan designImage Source:(Internet) 
एबी न्यूज़ नेटवर्क।
महाराष्ट्र की शीतकालीन राजधानी नागपुर (Nagpur) अब एक भव्य और आधुनिक विधान भवन परिसर के रूप में नया रूप लेने जा रही है। नई संसद भवन की वास्तुशैली से प्रेरित यह अर्धचंद्र आकार का (Crescent-Shaped) भवन राज्य की विधायी जरूरतों को आधुनिक स्वरूप देगा। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह भवन वर्तमान विधान परिसर के भीतर ही बनाया जाएगा। इसके लिए विभिन्न राजनीतिक दलों जिनमें भाजपा और कांग्रेस शामिल हैं के अस्थाई कैंप ऑफिस और बैरक को हटाया जाएगा। हालांकि, मौजूदा विधानसभा और विधान परिषद भवन, जिन्हें विरासत संरचनाओं का दर्जा प्राप्त है, को संरक्षित रखा जाएगा।
 
तीन स्तरों में बनेगा नया विधान भवन परिसर
प्रस्तावित भवन तीन प्रमुख हिस्सों में विभाजित होगा आधार तल पर केंद्रीय हॉल, पहले तल पर विधानसभा हॉल और ऊपर विधान परिषद हॉल। अधिकारियों ने बताया कि इस नए डिजाइन में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी ताकि आगामी जनगणना आधारित निर्वाचन क्षेत्रों के परिसीमन के बाद विधायकों और विधान परिषद सदस्यों की बढ़ती संख्या को समायोजित किया जा सके। वर्तमान विधान परिषद कार्यालयों को सरकारी मुद्रणालय के परिसर में बनने वाले नए सचिवालय भवन में स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सके।
 
केंद्रीय हॉल से नागपुर में होगा बजट सत्र संभव
कई वर्षों से यह मांग उठती रही है कि महाराष्ट्र विधानसभा का केवल शीतकालीन सत्र ही नहीं, बल्कि बजट सत्र भी नागपुर में आयोजित किया जाए। लेकिन केंद्रीय हॉल के अभाव में यह संभव नहीं हो पा रहा था। इस कमी को दूर करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने अधिकारियों को नए डिजाइन में केंद्रीय हॉल को अनिवार्य रूप से शामिल करने के निर्देश दिए। उनके निर्देशों के बाद विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर लिया गया है, जिससे अब परियोजना को क्रियान्वयन की दिशा में बढ़ाया जा सकेगा। लगभग 1,200 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस परियोजना के तहत चार सात-मंजिला इमारतें भी बनाई जाएंगी, जो प्रशासनिक और सहायक कार्यों के लिए उपयोग में आएंगी। प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जा चुका है और स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
 
विरासत भवन बनेगा महाराष्ट्र विधानसभा संग्रहालय
इस पुनर्विकास योजना के तहत मौजूदा विरासत विधान भवन को एक संग्रहालय में परिवर्तित किया जाएगा, जिसमें महाराष्ट्र की विधान यात्रा को उसकी प्रथम विधानसभा सत्र से लेकर वर्तमान तक के स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा। वर्तमान विधानसभा हॉल को सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। यह पूरा प्रोजेक्ट नागपुर को एक अत्याधुनिक विधान परिसर प्रदान करेगा जो आधुनिक स्थापत्य कला और ऐतिहासिक विरासत का सुंदर संगम होगा, साथ ही नागपुर की राज्य की द्वितीय राजधानी के रूप में पहचान को और सशक्त बनाएगा।
Powered By Sangraha 9.0