- फायर सिस्टम में पानी न होने पर जताया आक्रोश
- 22वें माले पर लगी आग से मचा हड़कंप
Image Source:(Internet)
मुंबई।
दीवाली (Diwali) के दिन एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद रवींद्र वायकर के निवास वाले भवन के 22वें माले पर एक दीवाली रॉकेट की वजह से अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही रवींद्र वायकर खुद मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। इस दौरान जब उन्हें पता चला कि इमारत के फायर सिस्टम में पानी ही नहीं है, तो उन्होंने बिल्डिंग प्रशासन पर तीखा आक्रोश व्यक्त किया।
सांसद ने उठाए सवाल
वायकर ने कहा कि यदि नए भवनों में भी फायर सिस्टम ऐसी स्थिति में है, तो बाकी पुराने भवनों की क्या स्थिति होगी? उन्होंने मुंबई महानगरपालिका और अग्निशमन विभाग से मांग की कि शहर की सभी इमारतों में लगे फायर सिस्टम की तुरंत जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वे पूरी तरह कार्यरत हैं। वायकर ने बताया कि इस साल मुंबई में दीवाली के दौरान रॉकेट और पटाखों से आग लगने की कई घटनाएं दर्ज हुई हैं। उन्होंने कहा कि वे लोकसभा में इस विषय पर आवाज उठाएंगे और खतरनाक पटाखों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे इमारतों के पास रॉकेट पटाखे न जलाएं और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं।
मराठी अंदाज की दीवाली पहाट
इस बीच, रविंद्र वायकर ने अपने दिल्ली स्थित निवास पर ‘दीवाली पहाट’ कार्यक्रम का भी आयोजन किया, जिसमें दिल्ली में बसे मराठी नागरिकों के लिए महाराष्ट्र की संस्कृति और खानपान का विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 150 लोगों ने हिस्सा लिया, जहां मुंबई की प्रसिद्ध व्यंजन जैसे वड़ा पाव और मिसळ पाव परोसे गए। उन्होंने कहा, “मेरा उद्देश्य था कि दिल्ली में भी मराठी संस्कृति की छाप के साथ दीवाली मनाई जाए, जैसे हम मुंबई और महाराष्ट्र में मनाते हैं।” उनके इस आयोजन की मराठी समुदाय में काफी सराहना की जा रही है।