प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद संजय राउत की तबीयत बिगड़ी, फोर्टिस अस्पताल में भर्ती

13 Oct 2025 13:39:14
 
Sanjay Raut health deteriorates
 Image Source:(Internet)
मुंबई:
शिवसेना (ठाकरे गुट) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत (Sanjay Raut) की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के भांडुप स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस खत्म होते ही उन्हें अचानक अस्वस्थता महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। कुछ दिन पहले ही उन्होंने फोर्टिस अस्पताल में अपना ब्लड टेस्ट करवाया था। डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल संजय राउत की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उन्हें किस कारण से अस्पताल में भर्ती किया गया।
शिवसेना के मुखर चेहरा रहे हैं संजय राउत
संजय राउत शिवसेना (ठाकरे गुट) के तेजतर्रार और मुखर चेहरा माने जाते हैं। 2019 में उद्धव ठाकरे द्वारा बीजेपी से अलग होकर महा विकास आघाडी सरकार बनाने के बाद से ही राउत लगातार ठाकरे गुट के पक्ष में मजबूती से आवाज उठाते रहे हैं। वह हर सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज्य और केंद्र की राजनीति पर अपनी बेबाक राय रखते हैं तथा महायुति सरकार की आलोचना करते हैं। राउत की तीखी बयानबाजी के जवाब में महायुति ने अपने कई नेताओं को मैदान में उतारा, लेकिन राउत ने अपनी राजनीतिक समझ और तेवरों से कई बार विपक्ष को चारों खाने चित किया है। अब उनकी तबीयत खराब होने की खबर से शिवसेना कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। सभी की निगाहें अब फोर्टिस अस्पताल से आने वाली आधिकारिक चिकित्सीय जानकारी पर टिकी हुई हैं।
Powered By Sangraha 9.0