विजय वडेट्टीवार का भाजपा पर हमला! कहा, 'मोदी-शाह की विदर्भ यात्राओं से भाजपा का नुकसान तय'

    25-Sep-2024
Total Views |
Vijay Wadettiwar
 (Image Source : Internet)
 
मुंबई :
महाराष्ट्र के विपक्षी नेता विजय वडेट्टीवार (Vijay Wadettiwar) ने भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि जितनी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र और विदर्भ आएंगे, उतना भाजपा को नुकसान होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जहां-जहां मोदी जाते हैं, वहां भाजपा की हार होती है। वडेट्टीवार ने तंज कसते हुए कहा, "जब भी अमित शाह आते हैं, नितिन गडकरी गायब हो जाते हैं। इससे साफ है कि भाजपा गहरे संकट में है, और इसे बाहर निकालना अब उनके बस में नहीं है।"
 
तो शायद गडकरी हार जाते : वडेट्टीवार
 
वडेट्टीवार ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र की जनता महाविकास आघाड़ी को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि जब मोदी चंद्रपुर और भंडारा-गोंदिया में गए, तो वहां भाजपा की हार हुई। "अगर मोदी नागपुर आते, तो गडकरी भी हार जाते," उन्होंने कहा। वडेट्टीवार ने भाजपा सरकार को 'जमीन लूटने वाली सरकार' करार देते हुए आरोप लगाया कि यह सरकार 5 लाख करोड़ रुपये की प्राइम जमीन हड़पने में लगी है।
 
लाडकी बहन' नहीं, 'लाडकी सत्ता' है प्राथमिकता: वडेट्टीवार
 
विजय वडेट्टीवार ने एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि "लाडकी बहन" की योजनाओं का उद्देश्य केवल सत्ता का लालच है। "सरकार की असली प्राथमिकता जनता नहीं, बल्कि सत्ता है।" वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की कथनी और करनी में बड़ा फर्क है।
 
नागपुर के भाजपा नेताओं को जनता ने नकार दिया : वडेट्टीवार
 
वडेट्टीवार ने नागपुर के भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि "अगर भाजपा का नेतृत्व नितिन गडकरी, देवेंद्र फडणवीस और चंद्रशेखर बावनकुळे कर रहे हैं, तो हमें कोई चिंता नहीं है। जनता ने इन्हें पहले ही नकार दिया है।" उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा से कार्यकर्ता अब महाविकास आघाड़ी की ओर आ रहे हैं, और महायुति को आने वाले समय में मुश्किलें झेलनी होंगी।