उज्जैन में राष्ट्रपति मुर्मू ने इंदौर-उज्जैन 6 लेन सड़क का उद्घाटन किया

20 Sep 2024 14:05:29
president murmu inaugurated the indore Ujjain 6 lane road in ujjain
(Image Source : x/@pwdminmp)

उज्जैन : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को उज्जैन में इंदौर-उज्जैन सिक्स लेन सड़क परियोजना की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने 'सफाई मित्र सम्मेलन' में भी भाग लिया और सफाई कर्मचारियों को सम्मानित किया। राष्ट्रपति ने कहा कि मध्य प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक अग्रणी स्थान प्राप्त किया है। आज राष्ट्रपति ने इंदौर को उज्जैन से जोड़ने के लिए 1692 करोड़ रुपये की 6-लेन सड़क के निर्माण का उद्घाटन किया है। इससे उज्जैन न केवल इंदौर बल्कि पूरे देश से जुड़ जाएगा और आसानी से पहुंच योग्य हो जाएगा। राष्ट्रपति ने उज्जैन के विकास, स्वच्छता और सफाई कर्मचारियों के महत्व पर जोर दिया।

राष्ट्रपति मुर्मू ने उज्जैन को बाबा महाकाल की पवित्र नगरी बताते हुए कहा कि गुप्त काल में उज्जैन एक महत्वपूर्ण शहर था। उन्होंने महाकवि कालिदास के 'मेघदूत' में उज्जैन की विशालता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उज्जैन और प्रदेश के विकास के लिए कई परियोजनाएँ चल रही हैं, जैसे कि उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन सड़क और विक्रम उद्योगपुरी मेडिकल डिवाइस पार्क।

राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में स्वच्छता एक राष्ट्रव्यापी अभियान बन गया है और 2025 तक संपूर्ण स्वच्छता का लक्ष्य है। उन्होंने मध्य प्रदेश के इंदौर और भोपाल जैसे शहरों की स्वच्छता की सराहना की, जहां इंदौर को लगातार 7 बार देश का सबसे स्वच्छ शहर और भोपाल को सबसे स्वच्छ राजधानी का खिताब मिला है।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है और इंदौर-उज्जैन सड़क परियोजना से उज्जैन का विकास होगा। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सराहा और कहा कि सफाई कर्मी बीमारी और जीवन के बीच की दीवार की तरह हैं।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जो प्रधानमंत्री की स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
Powered By Sangraha 9.0