सकारात्मक सोच के साथ समस्याओं का समाधान करें

    12-Jul-2024
Total Views |
 
IG Bhujbal
 
- आईजी भुजबल ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात सिटी पुलिस अधिकारियों को दी सलाह
 
नागपुर।
नव नियुक्त विशेष पुलिस महानिरीक्षक दिलीप पाटिल भुजबल ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। उन्होंने आईजी शेरिंग दोरजे से कमान अपने हाथ में ले ली।
 
भुजबल 2004 बैच के अधिकारी हैं। एक चर्चा सत्र के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य के चार संवेदनशील जिलों नागपुर, वर्धा, चंद्रपुर और भंडारा में पुलिस की दक्षता बढ़ाना विभाग की प्राथमिकता है। नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर पुलिस स्टेशनों और उच्च अधिकारियों के पास पहुंचते हैं। पुलिस की पहली जिम्मेदारी उनकी समस्याओं को सकारात्मक दृष्टिकोण से सुनना और उनका समाधान करना है। सिपाही से लेकर एसपी तक सभी को अपने कर्तव्यों का पालन प्रोफेशनल ढंग से करना होगा।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को जानना एवं उनका समाधान करना भी जरूरी है।
 
हर जिले की अपनी-अपनी समस्याएं हैं। नागरिक पुलिस को प्रशासन का चेहरा मानते हैं। खासकर ग्रामीण इलाकों में हर समस्या के लिए पुलिस की मदद ली जाती है। ऐसे में उनका सही मार्गदर्शन करना भी जरूरी है। नए कानून के अनुसार काम करना जरूरी है। पुलिस को बच्चों, नाबालिगों और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर फोकस करना होगा। इसे रोकने के उपाय किए जाएंगे। अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई से ही कानून का भय पैदा होगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा तभी उनकी कार्यकुशलता बढ़ेगी।
 
भुजबल इससे पहले गोंदिया, बुलढाणा और यवतमाल में अधीक्षक के तौर पर काम कर चुके हैं। मुंबई में डीसीपी के तौर पर भी उन्होंने बेहतरीन काम किया। सांगली के पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के परिवर्तन में भी उनका विशेष योगदान रहा।