फडणवीस ने संघ पदाधिकारियों से की विविध विषयों पर चर्चा

    07-Jun-2024
Total Views |

fadnavis discussed various topics with the sangh officials(Image Source : Internet/ Representative) 
 
नागपुर।
दिल्ली में नई सरकार बनाने की हलचल तेज होने की बात को मद्देनजर रखते हुए भाजपा नेता और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई से नागपुर पहुंचे और आरएसएस के पदाधिकारियों के साथ करीब डेढ़ घंटे तक विविध विषयों पर बातचीत की। इसके बाद फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
 
फडणवीस ने हाल ही में भाजपा के शीर्ष नेताओं से उन्हें सरकार से मुक्त करने का अनुरोध किया था। उस पृष्ठभूमि में यह दौरा अहम माना जा रहा है। इस समय नागपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं और भाजपा नेताओं के बीच कुछ विषयों पर असमन्वय की स्थिति है। देशभर से संघ के पदाधिकारी यहां आए हैं। फडणवीस धरमपेठ स्थित आवास पर गए। कुछ ही देर बाद संघ के तीन राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी उनके निवास स्थान पर पहुंचे। उन्होंने करीब डेढ़ घंटे तक फडणवीस से चर्चा की। इसके बाद फडणवीस दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
 
लोकसभा चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत एनसीपी नेता बुधवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। लेकिन नतीजे आने के दो दिन बाद फडणवीस नागपुर पहुंचे और चार घंटे रुकने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए। चर्चा है कि वे संघ का संदेश लेकर दिल्ली गए थे। हालांकि, बीजेपी और संघ के स्थानीय पदाधिकारियों ने यह कहकर बात करने से इनकार कर दिया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। दिल्ली रवाना होने से पहले, फडणवीस ने स्थानीय विधायकों और कुछ भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात की और उनसे विविध विषयों पर चर्चा की।