कांग्रेस आक्रामक, सरकार के पुतले पर फेंका कीचड़

    22-Jun-2024
Total Views |
- वेरायटी चौक पर आंदोलन, रास्ता रोको, पुलिस से तनातनी
 
Congress is aggressive protest is held at Variety Chowk

 
नागपुर :
राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर के विरोध में शहर कांग्रेस ने आक्रामक भूमिका अख्तियार की है। गुरुवार को वेरायटी चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने तीव्र आंदोलन करते हुए राज्य सरकार के पुतले पर कीचड़ फेंका, नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ताओं ने पुलिस के बैरीकेड हटाते हुए रास्ता रोको आंदोलन किया। इस दौरान पुलिस से तनातनी भी हो गई।
 
शहराध्यक्ष, विधायक विकास ठाकरे के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता वेरायटी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष बड़ी संख्या में एकत्र हुए। गिरीश पांडव, अतुल कोटेचा, विशाल मुत्तेमवार, प्रशांत धवड, कमलेश समर्थ, मनोज सांगोले, रोहित यादव, नंदा पराते, नैश अली आदि ने राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
 
 
 
विकास ठाकरे ने कहा कि राज्य सरकार जनविरोधी निर्णय ले रही है। महाराष्ट्र की परियोजनाओं को गुजरात स्थानांतरित किया जा रहा। सरकार नौकरी के लिए भर्ती नहीं हो रही। प्रतियोगी परीक्षाएं समय पर नहीं हो रही। परीक्षा हुई तो पेपर लीक हो जाता है। देशभर के लाखों विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में है। सरकार की इस कार्यप्रणाली के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता आक्रामक हैं। अगर सरकार ने जनविरोधी नीतियां नहीं बदली तो और तीव्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के प्रतीकात्मक पुतले पर कीचड़ फेंका। पुलिस ने बल का प्रयोग करते हुए कार्यकर्ताओं से पुतला छीन लिया। संतप्त कार्यकर्ता इस बीच वैरीकेड हटा कर चौक के मध्य पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे।

पुलिस पर भेदभाव करने का लगाया आरोप
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान पुलिस पर भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजयुमो के कार्यकर्ताओं से पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार के घर के समक्ष आंदोलन किया था। ऐसा करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई हम भी भाजपा नेताओं के घर पर मोर्चा निकाल सकते हैं। लेकिन वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे पर पुलिस ने बैरिकेड लगाए पुलिस ने इस प्रकार भेदभाव नहीं करना चाहिए। इससे यातायात बाधित हो गया। पुलिस को बल प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को हटाना पड़ा। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।