(Image Source : Internet/ Representative)
नागपुर।
मई महीना शुरु होते ही सूर्य की तीक्ष्ण किरणों ने तेवर दिखाना शुरु कर दिया है। नागपुर में रविवार को दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। इसके साथ ही नागपुर में इस सीजन का सबसे गर्म दिन भी रहा। इसके पहले मार्च महीने में एक बार तापमान 42 डिग्री और अप्रैल महीने में दो मर्तबा 41.4 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा था। रविवार सुबह 7 बजे से ही धूप की किरणें चुभने लगी थीं। दोपहर में तो सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में शुष्कता बढ़ने की वजह से ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि मराठवाड़ा से दक्षिण तमिलनाडु के बीच विंड डिसकंटीन्यूटी और मराठवाड़ा में साइक्लोनिक सर्कुलेशन तैयार हुआ है। इसी वजह से 7 से 9 मई के बीच नागपुर में एक या दो अंतराल में गरज- चमक के साथ बारिश हो सकती है। बारिश के बाद भी पारे में गिरावट के आसार कम ही हैं। रविवार को नागपुर के अलावा विदर्भ के अन्य जिलों में भी आसमान से आग बरसी। अकोला 44.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा चंद्रपुर में 44.2, वर्धा में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान चला गया। इसके अलावा ब्रह्मपुरी में 43.9, गढ़चिरोली में 43.8, अमरावती में 43.6, वाशिम में 43.2, यवतमाल में 42.5, गोंदिया में 41.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
आर्द्रता 18% पर
नागपुर में सुबह जहां आर्द्रता 23 फीसदी थी, वहीं शाम को यह घटकर 18 फीसदी पर जा पहुंची। आर्द्रता निम्न स्तर पर पहुंचने की वजह से देर शाम तक गर्म हवाओं के थपेड़े शहरवासियों को सहने पड़े। नागपुर में पिछले 24 घंटे में दिन का तापमान डेढ़ डिग्री तक चढ़ा। जबकि रात का तापमान 1.2 डिग्री चढ़ने के बाद भी सामान्य से 4 डिग्री कम होने से गर्मी का ज्यादा असर नहीं दिखा। नागपुर में न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।