पुल से गिरकर छात्रा की मौत

    06-May-2024
Total Views |
 
- बुटीबोरी क्षेत्र कीघटना
 
girl student dies after falling from bridge
(Image Source : Internet/ Representative) 
 
नागपुर।
बुटीबोरी के छत्रपति शिवाजी महाराज फ्लाईओवर से गिरने से एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाली घटना शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे की है। मृतक छात्रा की पहचान म्हाडा कॉलोनी, बुटीबोरी निवासी नीलिमा अखिलेश साहू (19) के रूप में की गई है।
 
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, नीलिमा के पिता अखिलेश एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं। नीलिमा की एक बड़ी बहन अंकिता है जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। नीलिमा परीक्षा की तैयारी कर रही थी। रविवार को नीट की परीक्षा थी। इसलिए वह शनिवार को पूरे दिन परीक्षा की तैयारी करती रही। रात को सभी ने एक साथ मिलकर खाना खाया। फिर नीलिमा पढ़ने के लिए अपने कमरे में चली गई। दोपहर को करीब 1.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि बुटीबोरी में छत्रपति शिवाजी महाराज फ्लाईओवर से एक युवती नीचे गिर गई है।
 
इस सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवती को इलाज के लिए एक नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्रा की पहचान नीलिमा साहू के रूप में होने की पुष्टि कर उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। नीलिमा के परिजन अस्पताल पहुंचे और उसकी पहचान की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना जांच के अधीन है।
 
परिसर में हो रही तरह-तरह की चर्चाएं
 
नीलिमा की मौत से साहू परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नीलिमा एक सीधी-सादी और समझदार लड़की थी। इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है। घर पर पढ़ाई कर रही नीलिमा फ्लाईओवर तक कैसे पहुंची? ये एक बड़ा सवाल है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पढ़ाई के तनाव के कारण उसने आत्महत्या कर ली है। लेकिन अभिभावकों ने तनाव की बात से इनकार किया है। इसलिए जांच के बाद ही नीलिमा की मौत का असली कारण सामने आएगा।