(Image Source : Internet/ Representative)
नागपुर।
वाठोडा पुलिस ने एक युवक के साथ लोहे की रॉड से मारपीट कर लूटपाट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाबालिग साथी को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपियों में पवन बुरडकर (24), अक्षय बुरडकर (29) दोनों गणेश नगर, वाठोडा निवासी एवं शक्ति माता नगर निवासी मयूर नवघरे (21) का समावेश है। पुलिस ने तौकीर मुख्तार शेख (22) राउत नगर, खरबी निवासी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है।
मंगलवार रात को करीब 11.30 बजे तौकीर दोपहिया वाहन क्रमांक एमएच-49/एएच-740 से घर जा रहा था। वाठोड़ा से खरबी चौक जाते समय उपरोक्त आरोपियों ने तौकीर पर जानलेवा हमला कर दिया। जब तौकीर ने बचाव किया और बहस की तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने उस पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। उसे बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने जबरन उसकी जेब से 3500 रुपये निकाल लिए और फरार हो गए। तौकीर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। बुधवार शाम को पुलिस ने चारों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर गाड़ी और रॉड जब्त कर ली है। आगे की जांच चल रही है।