(Image Source : Internet/ Representative)
नागपुर।
इनफॉर्मर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अजनी पुलिस ने क्रिकेट सट्टा खेल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामटेके नगर टोली, अजनी निवासी संदीप संजय नाडे (30) और शताब्दी नगर, रिंग रोड निवासी आकाश सुनील लाखोटे (31) के रूप में हुई है। नाडे काफी दिनों से अवैध गतिविधियों में सक्रिय रहा है। वह रामटेके नगर टोल में शराब का अवैध कारोबार करता है। वह घर की छत पर जुआ भी खेलता है। पुलिस अब तक कई बार उसके खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है। इसके बावजूद वह क्रिकेट सट्टेबाजी में भी सक्रिय हो गया है।
बुधवार रात को अजनी पुलिस को जानकारी मिली कि संदीप अपने घर की पहली मंजिल पर बैठकर क्रिकेट सट्टा खेल रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। इस मौके पर संदीप अपने पार्टनर आकाश के साथ दिल्ली डेयरडेविल और गुजराम टाइटन के बीच चल रहे मैच को देखते नजर आए। वह क्रिकेट लाइव गुरु एप्लीकेशन के जरिए सट्टा लगा रहा था। पुलिस ने उनके पास से एलसीडी टीवी, सेटअप बॉक्स, 4 मोबाइल फोन और नंबर लिखे कागज समेत 71 हजार रुपए का माल जब्त किया। पूछताछ में संदीप ने बताया कि मैच के बाद वह पैसों का हिसाब-किताब कर रहा था और अगले दिन संबंधित लोगों से डील कर रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जुआ निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक गजानन चामत, एपीआई भटकुले, पीएसआई अंकित अंबेपवार, हवकदार ओमकार, नितिन और अश्विन ने की है।