400 पार का नारा मतलब संविधान में संशोधन

    15-Apr-2024
Total Views |
- दीक्षाभूमि में दर्शन करने के बाद बोले राकांपा प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटिल

NCP State President Jayant Patil visited Deekshabhoomi 

नागपुर।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार गुट के नेता जयंत पाटिल ने भाजपा के घोषणा पत्र पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। पाटिल ने कहा कि, भले ही उन्होंने अपने घोषणा पत्र में कई दावे किए हैं, लेकिन 400 पार के नारे में संविधान बदलने की बू आ रही है। डॉ. आंबेडकर की जयंती के अवसर पर पाटिल उपराजधानी पहुंचे थे, जहां सबसे पहले वे दीक्षाभूमि पहुंचे और आंबेडकर के योगदानों को याद करते हुए उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। जिसके बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने यह बात कही।
 
पाटिल ने कहा, भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब अम्बेडकर की उपलब्धियों और उनके द्वारा देश को दिए गए संविधान के लिए उन्हें नमन किया गया। देश को यह एहसास होने लगा है कि संविधान कितना महत्वपूर्ण है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी पिछले कई वर्षों से संविधान को बदलने की कोशिश कर रही है। वे संघ के एजेंडे को लागू कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा, जिस दिन वे देश के प्रधानमंत्री चुने गए, उन्होंने सबसे पहले संसद की सीढ़ियों को प्रणाम किया और फिर भवन का नक्शा ही बदल दिया। इसलिए, जयंत पाटिल ने यह भी आलोचना की कि अगर देश में तीसरी बार बीजेपी सरकार आती है, तो वे संविधान ज़रूर बदल देंगे जो देश के लिए हानिकारक साबित हो सकता है।
 
विदर्भ की सभी सीटों में जीत की संभावना
एनसीपी प्रदेशाध्यक्ष ने आगे कहा कि इंडिया गठबंधन को विदर्भ में अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। महाविकास आघाड़ी की बैठकों और प्रचार यात्राओं में हजारों लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इसलिए हम विदर्भ की सभी सीटों में जीत दर्ज करेंगे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार के भाजपा में शामिल होने के दावे पर पाटिल ने कहा कि, यह एक अफवाह है, हार की डर से लोगों में भ्रम फ़ैलाने के मकसद से भाजपा के नेता वडेट्टीवार को लेकर यह सब झूठी बातें फैला रहे हैं।