विवाहिता को ब्लैकमेल कर वसूले पांच लाख रुपए

    29-Mar-2024
Total Views |
-  प्राइवेट वीडियो वायरल करने की दी धमकी, 2 गिरफ्तार

Recovered 5 lakh from married woman by blackmailing her
(Image Source : Internet/ Representative)
 
नागपुर।
दो युवकों ने विवाहित महिला को प्रताड़ित करने के बाद ब्लैकमेल कर उससे 5 लाख रुपए ऐंठ लिए। प्राइवेट वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका आर्थिक और मानसिक शोषण करने लगे। आखिरकार पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हंसपुरी निवासी राहुल कांतिलाल सोनी (39) और गंजीपेट, गांधीनगर निवासी मंगेश हटवार (34) के रूप में हुई है।
 
राहुल की हंसपुरी में सराफा की दुकान है। मंगेश उसका दोस्त है। 38 वर्षीय पीड़िता की राहुल से मुलाकात चार साल पहले एक ऑफिस में हुई थी। तभी से दोनों के बीच बातचीत हो रही थी। फरवरी 2021 को राहुल ने उसे चाय पर घर बुलाया। चाय में गूंगी दवा देने से महिला बेहोश हो गई। राहुल ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इसका वीडियो भी बनाया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका आर्थिक और मानसिक शोषण करने लगा। इसमें उसने अपने दोस्त मंगेश को भी शामिल कर लिया। राहुल ने महिला को ब्लैकमेल कर समय-समय पर 5 लाख रुपए वसूले।
 
पिछले महीने आरोपी ने महिला से दो लाख रुपए की मांग की थी। पैसे देने से इनकार करने पर उसने उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। वीडियो वायरल करके जीवन ख़राब करने की धमकी दी गई। आखिरकार पीड़िता ने परेशान होकर संयुक्त पुलिस आयुक्त अस्वती दोरजे से आरोपियों की शिकायत की। उनके निर्देश पर सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने जांच शुरू की। राहुल और मंगेश को गिरफ्तार कर तहसील पुलिस को सौंप दिया गया है। आगे की जांच प्रक्रिया जारी है।