मुख्यमंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले

    05-Feb-2024
Total Views |
 
congress state president nana patole accused cm eknath shinde
 (image source: internet/representative)
 
नागपुर।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया है। भाजपा विधायक गणपत गायकवाड के आरोपी होने के मुद्दे पर बोलते हुए पटोले ने कहा कि, "विधायक गायकवाड़ द्वारा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं। इसलिए अगर उनमें थोड़ी भी नैतिकता बची है तो उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।" उल्हासनगर पुलिस स्टेशन में सत्ताधारी पार्टी के विधायक को गोली मारने के मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने सरकार पर निशाना साधा है।
 
नागपुर में मीडिया से बात करते हुए पटोले ने कहा, "उल्हासनगर की घटना का कांग्रेस पार्टी कड़ा विरोध कर रही है। हम देख रहे हैं कि बीजेपी विधायक गणपत गायकवाड़ के मामले में शिंदे-बीजेपी सरकार क्या कार्रवाई करती है। लेकिन, इस मामले से बीजेपी की पोल खुल गई है। थाने में गोली चलाने की हिम्मत करना सत्ताधारियों के बेख़ौफ़ रवैये को दर्शाता है। ये कैसा राम राज्य है?" उन्होंने आगे कहा, "पुलिस पर सत्ता पक्ष का भारी दबाव है, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों में दहशत है, अगर सत्ता पक्ष के विधायक की बात नहीं मानी जाती है तो उनका तुरंत तबादला कर दिया जाता है। उन पर कानून का साथ देते हुए काम न करने का दबाव बनाया जाता है। महाराष्ट्र में इसके पहले ऐसी स्थिति कभी नहीं थी। राज्य में कानून व्यवस्था राम भरोसे है और वर्तमान सरकार को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।
 
शिंदे-फडणवीस-पवार का गुंडाराज जारी
गणेशोत्सव के दौरान सत्ताधारी पार्टी के विधायक सदा सर्वंकर ने फायरिंग की थी, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बदले सरकार ने उन्हें प्रभादेवी के सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट का अध्यक्ष बना दिया। पुणे के बीजेपी विधायक सुनील कांबले ने पुलिस से मारपीट की। सत्ता पक्ष के विधायक का कहना है कि पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, हमारे मालिक 'सागर' बंगले में बैठे हैं। क्या 'सागर' बंगले में बैठे हैं अपराधियों के गॉडफादर? सत्ता पक्ष के एक विधायक कैबिनेट में पिछड़ा वर्ग के वरिष्ठ मंत्रियों की कमर पर लात मारने की बात करते हैं। इन सभी बातों को मद्देनजर रखते हुए नाना पटोले ने आलोचना करते हुए कहा कि शिंदे-फडणवीस-पवार की गुंडागर्दी बेलगाम चल रही है।