पैसों के विवाद में हत्या के मामले ने लिया नया मोड़

    12-Feb-2024
Total Views |
-इलाज के दौरान दुसरे घायल व्यक्ति की भी हुई मौत
 
murder case over money dispute took a new turn
 (image source: internet/representative)
 
नागपुर।
हाल ही में नंदनवन पुलिस थाना अंतर्गत देशपांडे लेआउट इलाके में पैसों के विवाद को लेकर हुए झगडे में तीन आरोपियों ने दो लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया था। इनमें से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे का अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार को दुसरे पीड़ित व्यक्ति की भी मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने उन्हें चार दिन के पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
 
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विलास उर्फ मटर रामकृष्ण वानखेड़े (32), नितिन रामकृष्ण वानखेड़े (27) दोनों हिवरीनगर निवासी और शुभम छोटेलाल बिरहा (32) धरमनगर, भरतवाड़ा निवासी के रूप में हुई है। सभी आरोपियों ने 9 फरवरी को रात करीब 10.30 बजे विशाल भगवान राऊत (27) क्वेटा कॉलोनी निवासी और नीरज शंकर भोयर (28) गरोबा मैदान निवासी पर हमला किया था। आरोपियों ने पत्थर के फर्श के टुकड़े से सिर पर वार कर नीरज की हत्या कर दी थी, जबकि विशाल को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर थी। रविवार सुबह डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक विशाल ने विलास से कुछ पैसे लिए थे। पैसे न लौटाने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। चर्चा है कि यह विवाद क्रिकेट सट्टे के पैसों के लेनदेन को लेकर है, लेकिन पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने शनिवार रात को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने कोर्ट से 7 दिन की पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत ने 14 फरवरी तक पुलिस हिरासत दे दी है।
 
कलमना हत्याकांड का आरोपी भी गिरफ्तार
कॉल करने के लिए मोबाइल न देने पर हुए विवाद में युवक की हत्या करने वाले आरोपी को कलमना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करण वंजारे (19) के रूप में हुई है। करण बीएस चिकन हाउस में काम करता था और उसके निकट ही रहता था। शनिवार दोपहर को गुलमोहर नगर इलाके में रहने वाला अमन उर्फ अज्जू इब्राहिम शेख (23) और उसके दोस्त दुकान के सामने मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। करण ने अज्जू के दोस्त रवि को कॉल करने के लिए मोबाइल मांगा। मना करने पर उसने रवि की पिटाई कर दी। रवि ने भी करण को पीटना शुरू कर दिया। गुस्से में करण ने दुकान में रखा चिकन काटने वाला चाकू उठाया और अज्जू की पीठ, सीने और पसलियों पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। देर रात को पुलिस ने करण को कलमना इलाके से गिरफ्तार कर लिया।