कांग्रेस को झटका! पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने छोड़ी पार्टी; भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर कहा...

    12-Feb-2024
Total Views |

Former CM Ashok Chavhan resigns from party
(Image Source : Internet)
 
मुंबई :
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के सोमवार को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद से भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही है। इस पर बात करते हुए अशोक चव्हाण ने कहा कि वह 48 घंटों में अपनी भविष्य की राजनीतिक योजनाओं का खुलासा करेंगे। पत्रकारों से बातचीत के दौरान अशोक चव्हाण ने कहा, "मैंने एक विधायक के रूप में विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को दे दिया है। मैंने कांग्रेस कार्य समिति और कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। मैंने किसी भी पार्टी में शामिल होने का फैसला नहीं किया है। दो दिन बाद मैं किसी पार्टी में शामिल होने पर अपना रुख स्पष्ट रखूंगा।'
 
 
भाजपा में शामिल होने के सवाल पर पूर्व सीएम ने अशोक चव्हाण ने कहा, 'मैं आपको 48 घंटे में बताऊंगा।' चव्हाण ने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी भविष्य की योजनाओं को लेकर किसी भी राजनीतिक दल के संपर्क में नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जो पार्टी के आंतरिक मामलों पर सार्वजनिक रूप से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा, 'मैंने अपने फैसले के बारे में किसी भी कांग्रेस विधायक से बात नहीं की है। मेरा उन्हें प्रभावित करने का ऐसा कोई इरादा नहीं है।' चव्हाण ने अपना इस्तीफा महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले को सौंप दिया है। साथ ही पत्र में चव्हाण ने अपना पदनाम पूर्व विधायक बताया है।
 
ऐसा रहा कार्यकाल?
पूर्व एमपीसीसी अध्यक्ष ने 1987 से 1989 तक लोकसभा के सांसद के रूप में भी कार्य किया और मई 2014 में निचले सदन के लिए फिर से चुने गए। वह 1986 से 1995 की अवधि के दौरान महाराष्ट्र प्रदेश युवा कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष और महासचिव थे। उन्होंने 1999 से मई 2014 तक तीन कार्यकालों तक महाराष्ट्र विधानसभा में कार्य किया। उन्होंने 8 दिसंबर 2008 से 9 नवंबर 2010 तक महाराष्ट्र राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया है। 9 नवंबर 2010 को, कांग्रेस पार्टी ने उन्हें आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार के आरोपों पर पद से इस्तीफा देने के लिए कहा। 2014 के आम चुनावों में, चव्हाण नांदेड़ निर्वाचन क्षेत्र से चुने गए, लेकिन 2019 में भाजपा के प्रताप पाटील चिखलीकर से सीट हार गए। चव्हाण एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से आते हैं। वह महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री शंकरराव चव्हाण के बेटे हैं। चव्हाण महाराष्ट्र में कांग्रेस की नैया छोड़ने वाला तीसरा बड़ा नाम हैं। सबसे पहले दक्षिण मुंबई के पूर्व सांसद मिलिंद देवड़ा और उसके बाद पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी गए।
 
फडणवीस - आगे-आगे देखिये होता है क्या?
जब डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस से सवाल किया गया कि क्या चव्हाण भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं, तो उन्होंने रहस्यमय जवाब दिया। उन्होंने कहा, "दूसरे दलों के कई कद्दावर नेता भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। खासकर कांग्रेस के कई नेता वरिष्ठ नेताओं के व्यवहार के कारण हमारे संपर्क में हैं। वे अपनी पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं... हमारे संपर्क में कौन-कौन लोग हैं जो ऐसा करेंगे।" जल्द ही खुलासा किया जाएगा। आगे-आगे देखिए होता है क्या?"