भंडारा :
शहर के खांब तलाव में प्रभु श्रीराम की 51 फुट ऊंची भव्य मूर्ति का विधिवत अनावरण किया गया है। स्थानीय विधायक नरेंद्र भोंडेकर की संकल्पना के तहत स्थापित की गई यह मूर्ति पर्यटन विकास का एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रभु श्रीराम की इस विशाल मूर्ति के अनावरण के लिए भंडारा शहर और आसपास के जिलों से हजारों नागरिकों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
कई नागरिक इस समारोह में उपस्थित होकर प्रभु श्रीराम के दर्शन का लाभ उठा रहे थे। इस भव्य मूर्ति से खांब तलाव क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। विधायक भोंडेकर ने अपने भाषण में बताया कि प्रभु श्रीराम अनेक लोगों के लिए आस्था और श्रद्धा का प्रतीक हैं, और इस मूर्ति की स्थापना से शहर में पर्यटकों का रुझान बढ़ेगा।
अनावरण समारोह में कई सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे। समारोह के दौरान विभिन्न धार्मिक विधियां, मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्ति का संचार हुआ।