नागपुर।
दोस्तों के साथ बात कर रहे किशोर पर एक युवक ने बिना कारण चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। यह घटना यशोधरा नगर पुलिस थाने के इंदिरा माता नगर परिसर में सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे के दौरान हुई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी 17 वर्षीय यादव नगर निवासी बताया जा रहा है। सोमवार दोपहर किशोर अपने हम उम्र तीन साथियों के साथ इंदिरा माता नगर में बात कर रहा था, इस दौरान उसके बाजू में एहफाज उर्फ डंपर अंसारी (25) इंदिरा माता नगर भी खड़ा था जो भी अपने तीन अन्य मित्रों के साथ बातचीत कर रहा था। एहफाज ने फरियादी के एक मित्र को बिना कारण से गाली गलौज दी थी और जब किशोर ने उसे समझने की कोशिश की तो आरोपी ने अपने अन्य मित्रों के साथ मिलकर हाथ मुक्की से किशोर पर हमला कर पिटाई कर दी। आरोपी एहफाज ने अपने पास के चाकू से किशोर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से कुछ समय के लिए परिसर में दहशत फैल गई और गंभीर रूप से घायल किशोर को उसके साथी तुरंत इलाज के लिए मेयो अस्पताल लेकर गए और इस घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ भारतीय संविधान की धारा 307, 323, 504, 34 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी एहफ़ाज़ अंसारी को गिरफ्तार किया है और उसके अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है।