अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर खुले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट

    22-Apr-2023
Total Views |

The doors of Gangotri and Yamunotri Dham opened on the holy festival of Akshaya Tritiya - Abhijeet Bharat
 
 
देहरादून : चार धाम की यात्रा के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर आज, शनिवार को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर जाने के लिए उत्सुक रहते हैं। भक्त इस बात का बेसब्री से इंतजार करते हैं कि मंदिर के कपाट कब खुलेंगे और कब वे भगवान के दर्शन कर उनका आशीर्वाद ले सकेंगे।
 
 
 
 
गंगोत्री धाम के कपाट आज दोपहर 12 बजकर 13 मिनट पर और यमुनोत्री के कपाट 12 बजकर 41 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। साथ ही 25 अप्रैल से केदारनाथ धाम दर्शन के लिए कपाट खुल जाएगा। वहीं बदरीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंदिर पहुंचकर गंगा पूजा की। इसके बाद पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री की उपस्थिति में औपचारिक रूप से गंगोत्री धाम के कपाट दर्शन के लिए खोल दिए गए। इसके बाद यमुनोत्री धाम के कपाट खोल दिए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने यात्रा में आये श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
 
साथ ही राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनी) ने अक्षय तृतीया पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के शुभ अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुचारू, सुखद और मंगलमय चारधाम यात्रा की कामना की।
इस बीच, शुक्रवार से गंगोत्री धाम के कपाट खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। इसके तहत मां गंगा की पालकी सेना बैंड की थाप पर शुक्रवार को मुखबा से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। माता गंगा की विदाई पर मुखबा गांव के ग्रामीण भावुक हो गए।
 
चारधाम यात्रा शुक्रवार को औपचारिक रूप से शुरू हो गई, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट शनिवार दोपहर को खोल दिए गए।