नई दिल्ली:
पिछले साल हुए श्रद्धा हत्याकांड मामले की याद दिलाता एक और चौंकाने वाला मामला पश्चिम दिल्ली (Nikki Yadav Murder Case) में सामने आया है। जहां एक 24 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर मोबाइल फोन केबल से अपनी लिव-इन पार्टनर की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्यारा यहां थमा नहीं। हत्या करने के बाद उसने गर्लफ्रेंड के शरीर को पश्चिम दिल्ली के मित्राऊ गांव के बाहरी इलाके में अपने ढाबे के रेफ्रिजरेटर में रख दिया। और बाद में उसी दिन दूसरी महिला से शादी कर ली। पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता निक्की यादव लॉकडाउन खत्म होने के बाद से द्वारका के पास किराए के मकान में आरोपी साहिल गहलोत के साथ रह रही थी। दोनों साथ गोवा जाने का प्लान बना रहे थे लेकिन साहिल ने उसे मौत के घाट पहुंचा दिया। दरअसल, वैलेंटाइन डे से 3-4 दिन पहले साहिल और निक्की में साहिल की शादी को लेकर झगड़ा हो गया। साहिल के घरवाले उस पर शादी का दबाव बना रहे थे।
6 साल से एक दूसरे को जानते थे निक्की और साहिल
साहिल और निक्की (Nikki Yadav Murder Case) 6 साल से एक दूसरे को जानते थे। जानकरी के अनुसार, साहिल और निक्की की मुलाकात पहली बार 2018 में हुई जब SSC एग्जाम की तैयारी करने दिल्ली के उत्तम नगर पहुंचा और वहां उसकी नजरें हरियाणा के झज्जर की रहने वाली निक्की से टकराई जो डॉक्टर बनने की इच्छा लिए मेडिकल की तैयारी करने दिल्ली आई थी। दोनों उत्तम नगर में एक ही बस से अपनी अपनी कोचिंग में जाते थे। तभी दोनों की दोस्ती हुई और धीरे धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। और कोरोना लॉकडाउन के बाद से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। सब कुछ सही चल रहा था लेकिन साहिल का परिवार इस रिश्ते के बारे में कुछ नहीं जनता था और साहिल पर शादी का दबाव बना रहा था। पारिवारिक दबाव के चलते दिसंबर 2022 में साहिल ने शादी के लिए हामी भर दी। 9 फरवरी को सगाई और 10 फ़रवरी को साहिल की शादी होनी तय थी।
कैसे दिया हत्या को अंजाम?
वहीं, निक्की (Nikki Yadav Murder Case) इस बात से पूरी तरह अंजान थी। लेकिन जब निक्की को इस बारे में पता चला तो दोनों में बहस छिड़ गई। हालांकि, दोनों ने शादी से पहले गोवा भागने का प्लान बना लिया। निक्की ने 9 फ़रवरी की गोवा की टिकेट्स बुक की थी। यहां तक की दोनों ने साथ आत्महत्या करने का भी प्लान बनाया था। लेकिन साहिल का मन बदल गया और उसने गोवा जाने से भी इनकार कर दिया। जिसके बाद निक्की बुरी तरह टूट गई और उसने उसे पुलिस में शिकायत करने की धमकी दी। बाद में, निक्की ने साहिल को फ्लैट पर मिलने बुलाया। दोनों के बीच कार में जमकर बहस हुई। एक तरफ निक्की साहिल को दूसरी लड़की से शादी न करने के लिए कह रही थी वहीं साहिल उसकी बात से असहमत था। पुलिस के अनुसार, साहिल ने कार में ही निक्की को खत्म करने का मन बना लिया था। साहिल ने कार को कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास रोका और मोबाइल डेटा केबल से निक्की का गला घोंट दिया। इसके बाद वो करीब 30 किलोमीटर निक्की की लाश को कार में लेकर घूमता रहा और आखिरकार मित्राऊ गांव में स्थित अपने ढाबे पर पहुंचा जो पिछले कई दिनों से बंद पड़ा था। उसने निक्की के शव को ढाबे में रखे फ्रिज में छुपा दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम देने के बाद साहिल ने उसी दिन शाम को शादी भी रचाई।
उधर, निक्की का परिवार पूरी तरह बेखबर था। पुलिस ने बताया कि निक्की यादव (Nikki Yadav Murder Case) के परिवार द्वारा पहले से गुमशुदगी या कोई अन्य शिकायत दर्ज नहीं की गई थी। साहिल द्वारा चार दिनों तक शव को फ्रिज में छुपाए रखने के बाद 14 फरवरी को पुलिस को इनपुट मिला की किसी लड़की को मारकर उसकी ढाबे में छुपाई गई है। पुलिस को साहिल पर शक था। और पूछताछ के लिए पुलिस उसके घर पहुंची। लेकिन साहिल वहां नहीं मिला। बाद में, पुलिस ने साहिल को दिल्ली के खैरगांव से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा पूछताछ किये जाने पर शुरुआत में साहिल ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन सख्ती से पूछे जाने के बाद उसने अपना गुनाह कबूला। निक्की की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। और पुलिस ने साहिल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।