बुजुर्ग महिला को जहरीले सांप ने काटा; सांप लेकर ही अस्पताल पहुंची

    04-Nov-2023
Total Views |

Elderly woman bitten by poisonous snake reached hospital carrying snake - Abhijeet Bharat
नागपुर : अमरावती रोड पर सातनवारी गांव के एक फार्म हाउस में फर्श पर सो रही एक बुजुर्ग महिला को जहरीले सांप ने काट लिया। उसके पति ने सांप को डंडे से मार डाला। इसके बाद पहले नजदीकी अस्पताल और फिर नागपुर के मेडिकल अस्पताल पहुंचे। जब बुजुर्ग ने बैग से मरा हुआ सांप दिखाया तो डॉक्टर हैरान रह गए। महिला का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर है। सांप से काटी गई महिला का नाम मीनाबाई कलाम (62) है।
 
मीनाबाई अपने पति के साथ अमरावती रोड पर सातनवारी गांव के एक फार्म हाउस में काम करती है, दोनों पति-पत्नी फार्म हाउस परिसर में एक झोपड़ी में रहते हैं। 31 अक्टूबर को वे दोनो झोपड़ी में फर्श पर सो रहे थे। रात के करीब पौने दस बजे मीनाबाई को सांप ने काट लिया। चिल्लाने पर उनका पति भी जाग गया। उन्हें 4 फीट का सांप नजर आया। इसके बाद पति ने पड़ोसियों की मदद से सांप को डंडे से मार डाला। इसके बाद पति और मीनाबाई की बहन ने उसे वानाडोंगरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, अस्पताल ने पहले 10 हजार रुपए जमा करने की शर्त रखी। लेकिन पैसे न होने के कारण मरीज को सर्पमित्र की मदद से मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला अपने साथ एक प्लास्टिक बैग में मरा हुआ सांप भी लेकर आई। सांप को देखकर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। डॉक्टर ने पहचान लिया कि मरा हुआ सांप जहरीला है और उसी के अनुसार इलाज शुरू किया गया।