Nagpur Crime : कर्ज के बोझ से परेशान होकर डॉक्टर ने की आत्महत्या

20 Nov 2023 18:07:37

nagpur-doctor-commits-suicide - Abhijeet Bharat 
नागपुर : कर्ज में डूबे एक दंत चिकित्सक ने अपने आवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना अजनी पुलिस थाने के अंतर्गत रामटेके नगर इलाके में सामने आई है। मृतक की पहचान कुश अपार्टमेंट निवासी आशीष गणपत मुलार (35) के रूप में हुई है। आशीष दंत चिकित्सक थे और एक निजी अस्पताल में सेवारत थे। आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने काफी कर्ज ले लिया था। कर्ज न चुका पाने के कारण वे तनाव में रहते थे। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी डिलीवरी के लिए घर गई थी। घर पर और कोई नहीं था।
 
शनिवार रात को आशीष ने पंखे से चादर बांधकर फांसी लगा ली। रात के करीब 11 बजे उसका मित्र डॉ. योगेश भालेराव उससे मिलने घर आया। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जैसे ही योगेश ने दरवाजे को जोर से धक्का दिया, कुंडी टूट गई और दरवाजा खुल गया। जब योगेश अंदर दाखिल हुआ तो आशीष मृत अवस्था में फांसी के फंदे पर लटकता हुआ मिला। योगेश ने खुद को संभाला और तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। घटनास्थल पर और पुलिस पहुंच गई। पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल अस्पताल भेज दिया गया। आशीष ने आत्महत्या करने से पहले एक सुसाइड नोट लिखा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने का निर्णय लिया है। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
Powered By Sangraha 9.0