नागपुर से छिंदवाड़ा तक चलाएंगे मेट्रो ट्रेन, गडकरी का परासिया में ऐलान

15 Nov 2023 16:12:38
 
nitin-gadkari-announces-metro-nagpur-chhindwara-parasia-rally - Abhijeet Bharat
 
नागपुर : परासिया में भाजपा उम्मीदवार ज्योति डेहरिया के समर्थन में जन सभा करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री से अनुमति मिलने के पश्चात छिंदवाड़ा से नागपुर के बीच मेट्रो ट्रेन चलाई जाएगी, जो 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर भागेगी। गडकरी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश का यह चुनाव आप सभी के भविष्य का फैसला करने वाला चुनाव है।
 
पिछले 10 साल में एमपी और दिल्ली में दोनों जगह पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार थी। हमारी सरकार ने पिछले साल में देश के लिए क्या किया है और मध्य प्रदेश समेत विविध राज्यों के लिए क्या किया है, यह परिणाम आप सभी ने आपकी आंखों से देखा है। मैं बताना चाहता हूं कि हमारे देश में मध्य प्रदेश कला तथा अन्य क्षेत्रों में एक पिछड़े राज्य के रूप में माना जाता था, पर पिछले 10 साल में मोदी जी और शिवराज जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का काफी विकास हुआ है और आंकड़ों के मुताबिक विविध क्षेत्रों में राज्य में प्रगति हुई है। मध्य प्रदेश अब एक प्रगतिशील राज्य बन गया है।
 
ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब मजदूर किसान वर्ग हो या शहर के व्यापारी, सभी का कल्याण एवं उत्थान हुआ है। सिंचाई के क्षेत्र में भी काफी बढ़त हासिल हुई है और भारत सरकार ने कृषि विकास के क्षेत्र में जो पुरस्कार दिया है, पहला पुरस्कार भारतीय जनता पार्टी शासित शिवराज जी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार को प्राप्त हुआ है। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है।
Powered By Sangraha 9.0