Image Source: Internet
नई दिल्ली: राष्ट्रमंडल खेल 2022 (Commonwealth Games 2022), आधिकारिक तौर इंग्लैंड में 28 जुलाई को शुरू हुआ था। आज यानी 8 अगस्त 2022 को इसका समापन होने वाला है। अब तक भारत की झोली में 22 गोल्ड, 16 सिल्वर, 23 ब्रॉन्ज ऐसे कुल मिलाकर 61 मेडल आये है। इस बीच, आज की शुरुआत पीवी सिंधु द्वारा गोल्ड जीतकर हुई है।
लक्ष्य की ऐतिहासिक जीत
पीवी सिंधु के गोल्ड मेडल जीतने के बाद पुरुष एकल फाइनल में लक्ष्य सेन का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। प्रकाश पादुकोण (1978), सैयद मोदी (1982) और पारुपल्ली कश्यप (2014) के बाद, लक्ष्य सेन ने राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games 2022) में पुरुष एकल गोल्ड मेडल जीतने की उपलब्धि हासिल की। फाइनल में, 20 वर्षीय लक्ष्य सेन का सामना मलेशिया के ज़ी यांग एनजी से हुआ। लक्ष्य ने 8 साल बाद भारत के लिए पुरुष एकल का गोल्ड जीता है। लक्ष्य सेन ने 0-1 की हार से जबरदस्त वापसी की है।
पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए कहा, "मैं लक्ष्य सेन की उपलब्धि से उत्साहित हूं। बैडमिंटन में गोल्ड मेडल जीतने के लिए बधाई। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games 2022) के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और फाइनल के दौरान उत्कृष्ट लचीलापन दिखाया। वह भारत का गौरव हैं। उन्हें उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।"
लक्ष्य सेन के लिए पिछला एक साल सपना जैसा रहा है। उत्तराखंड के खिलाड़ी ने 2018 में एशियाई जूनियर चैंपियनशिप में एकल गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद उन्होंने यूथ ओलंपिक गेम्स में मिक्स्ड टीम ग्रुप में गोल्ड मेडल भी जीता। 2021 में, उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता। वह 2022 ऑल इंग्लैंड ओपन में उपविजेता रहे थे। वह भारत की थॉमस कप 2022 विजेता टीम के सदस्य भी थे।
भारत के सात्विक साई राज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने बैडमिंटन में पुरुष डबल के फाइनल में गोल्ड मेडल जीता है।
सात्विक साई राज रंकीरेड्डी ने राष्ट्रमंडल खेलों (Commonwealth Games 2022) में पुरुषों की डबल बैडमिंटन में गोल्ड जीतने पर कहा, 'हम वास्तव में गोल्ड जीतना चाहते थे और हमने कर दिखाया। हमने अच्छी तैयारी की और आखिर में गोल्ड मेडल जीता। यह अद्भुत रहा है। भारतीय ध्वज को सबसे ऊपर उठते हुए देखने की भावना को कोई भावना नहीं हरा सकती।'
चिराग शेट्टी कहते है, ''हम वास्तव में अच्छे दोस्त हैं और इससे हमें कोर्ट में प्रभावी ढंग से खेलने में मदद मिली। हम सभी इस पल के लिए जीते हैं और खेलते हैं। यह अमूल्य हो गया है। भारतीयों का समर्थन काफी शानदार रहा है क्योंकि उन्होंने हमें बहुत उत्साहित किया।''
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के साथ पुरुष हॉकी फाइनल में रजत जीता।
टेबल टेनिस में पुरुष एकल फाइनल में अचंता शरथ कमल ने गोल्ड जीता।