मध्य भारत का सबसे बड़ा 'खासदार सांस्कृतिक महोत्स्व'; पूरा सप्ताह बीतेगा उत्साह के साथ

    05-Dec-2022
Total Views |
तीसरे दिन अमित त्रिवेदी की आवाज से गूंज उठा शहर  
 
biggest khasdar sanskrutik mahotsav of central india
Image Source:Internet
 
नागपुर : मध्य भारत का सबसे बड़ा सांस्कृतिक महोत्स्व यानि 'खासदार सांस्कृतिक महोत्स्व' बड़े ही जोर-शोर से शुरू है। हर दिन के लिए बड़ी-बड़ी हस्तियों के रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की सूची इतनी लंबी है कि आपका ये सप्ताह उत्साह के साथ बीतने वाला है। इस सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज शुक्रवार को किया गया। जिसके बाद शनिवार की शाम प्रसिद्ध गायक पद्मश्री हरिहरन के गीतों से शहर मंत्रमुग्ध हो गया और रविवार को सर्वश्रेष्ठ संगीतकार का राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले गायक, वादक, संगीतकार, गीतकार अमित त्रिवेदी ने अपने 'रॉक परफॉरमेंस' से नागपुर वासियों का दिल जीत लिया।
 
'अमित त्रिवेदी लाइव इन कॉन्सर्ट'
 
ईश्वर देशमुख कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन के मैदान में चल रहे खासदार सांस्कृतिक महोत्स्व के तीसरे दिन युवाओं की भारी भीड़, युवतियों के 'आई लव यू अमित' की गूंज और तालियों की गड़गड़ाहट ने इस दिन को बेहद रोमांचक बना दिया। केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी की अवधारणा से मध्य भारत के सबसे बड़े सांस्कृतिक महोत्स्व के तीसरे दिन की शुरुआत देशभक्ति गीत 'जागर राष्ट्रभक्तीचा' के कार्यक्रम के साथ हुई। श्याम देशपांडे के नेतृत्व में एक समूह ने यह कार्यक्रम प्रस्तुत किया। उन्होंने सुर संगम ताल संगम, जननी जन्मभूमि स्वर्ग से महान है जैसे गीतों की प्रस्तुति दी। उसके बाद नागपुर के लोगों ने अमित त्रिवेदी के 'लाइव इन कॉन्सर्ट' का जमकर लुत्फ उठाया।
 
biggest khasdar sanskrutik mahotsav of central india                                                                          (Image Source : tw/@OfficeOfNG)
 
अमित त्रिवेदी ने 'नमो नमो शंकरा, भोलेनाथ शंकरा' गीत के साथ मंच पर प्रवेश किया। युवकों ने कैमरे में इस लम्हें को कैद किया। उन्होंने 'रूठे ख्वाबों को मना लेंगे', 'नैना दा क्या कसूर' जैसे कई लोकप्रिय गाने गाए। अमित त्रिवेदी ने सांस्कृतिक महोत्सव में आमंत्रित करने के लिए नितिन गडकरी को धन्यवाद कहा। उन्होंने यह भी इच्छा जताई कि देश के हर शहर में इस तरह के महोत्सव का आयोजन होना चाहिए। इसके बाद अमित ने 'मीट माई फ्रेंड्स' (Meet My Friends) सेगमेंट में अपनी टीम का परिचय दिया। अरुण कामत ने 'ये फितूर मेरा', यशिता शर्मा ने 'मैं परेशान', मेघना मिश्रा ने 'लव यू जिंदगी' और देवेंद्र पाल सिंह ने 'एक कुड़ी' की प्रस्तुति दी। इसके बाद, गायकों ने 'प्यार का सफर', 'प्यार में सफर' जैसे विभिन्न सेगमेंट के साथ भारत के विभिन्न राज्यों की यात्रा की और प्रेम गीत गाए।
 
 
 
केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी, नागपुर मेट्रो के प्रबंध निदेशक बृजेश दीक्षित, योगेश कुंभेजकर, सौम्या शर्मा, अनिल कोकाटे, एड. डॉ. आनंद परचुरे, दक्षिण मध्य सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ. दीपक खिरवडकर, मिकी अरोड़ा, नितिन मारिया मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन रेणुका देशकर व बाल कुलकर्णी ने किया।
 
डॉ. नितीन गडकरी ने किया बृजेश दीक्षित का सत्कार
 
कार्यक्रम की शुरुआत अमित त्रिवेदी के संगीत कार्यक्रम से पहले दीप प्रज्वलित कर की गई। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने महा मेट्रो के प्रबंध निदेशक डॉ. दीक्षित को सम्मानित किया। महामेट्रो नागपुर के वर्धा रोड डबल डेकर वायाडक्ट को खासदार महोत्सव में गडकरी द्वारा पूरी दुनिया में मेट्रो रेंज में सबसे लंबे डबल डेकर के रूप में 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स' में दर्ज होने के लिए सम्मानित किया गया।
 
 
 
खासदार सांस्कृतिक महोत्सव की सफलता के लिए आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. अनिल सोले, समस्त उपाध्यक्ष प्रो. मधुप पांडे, डॉ. गौरी शंकर पराशर, अशोक मानकर, दिलीप जाधव, सचिव जयप्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रो. राजेश बागड़ी, सभी सदस्य बाल कुलकर्णी, सारंग गडकरी, अविनाश घुशे, हाजी अब्दुल कादिर, संदीप गवई, संजय गुलकारी, रेणुका देशकर, एड. नितीन तेलगोटे, विलास त्रिवेदी, आशीष वांदिले, चेतन कायरकर, भोलानाथ सहारे, किशोर पाटिल, मनीषा काशीकर मदद कर रहे हैं।
 
कार्यक्रम से निखरेगा नागपुर वासियों का व्यक्तित्व: नितीन गडकरी
 
सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, धार्मिक, विज्ञान, प्रौद्योगिकी, राजनीति जैसे सभी क्षेत्रों में अपनी छाप छोड़ने वाले केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के प्यार के लिए ईश्वर देशमुख कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन के मैदान में उपस्थित हजारों युवा और नागरिकों ने मोबाइल फोन की रोशनी से उनका स्वागत किया। नितीन गडकरी ने कहा कि नागपुर के लोगों की शुभकामनाओं के कारण ही पांच हजार स्थानीय कलाकार इस मंच पर अपनी कला पेश कर सके है। उन्होंने कहा कि इस सांस्कृतिक महोत्सव से नागपुर के लोगों का 'हैप्पीनेस इंडेक्स' बढ़ेगा और इस कार्यक्रम का उद्देश्य उनके व्यक्तित्व को निखारना है।
 
अन्य कार्यक्रम इस प्रकार: 
  • 5 दिसंबर : मिशन विश्व ममत्व फाउंडेशन 'ट्रांसजेंडर' कलाकारों द्वारा नृत्य प्रस्तुति और चाणक्य प्रस्तुति मनोज जोशी
  • 6 दिसंबर : वायलिन वादन प्रस्तुति सुरमणी पं. श्री प्रभाकर धाकडे गुरूजी और गौतम बुद्ध के जीवन पर आधारित महानाट्य 'तथागत' शैलेन्द्र कृष्णा
  • 7 दिसंबर : जागर राष्ट्रभक्ती की प्रस्तुति श्री श्याम देशपांडे और 'पुण्य श्लोक अहिल्याबाई' प्रस्तुति तापसी फाउंडेशन महानाट्य
  • 8 दिसंबर : छत्तीसगढ़ी पंथी नृत्य और 'मां, माटी, मोहब्बत' मनोज मुंतशिर
  • 9 दिसंबर : बाल कला अकादमी द्वारा प्रस्तुत तारे जमीन पर गायन, वादन, नृत्य व नाट्य ने परिपूर्ण और कवी सम्मलेन शैलेश लोढ़ा
  • 10 दिसंबर : क्लासिकल व सेमी क्लासिकल नृत्य प्रस्तुति और कविता कृष्णमूर्ति लाइव इन कॉन्सर्ट
  • 11 दिसंबर : 'शिवशाहीची रणधुमाड़ी' शिवमुद्रा ढोल-ताशा पथक नागपुर और मोहित चौहान लाइव कॉन्सर्ट