यश को एंटी-वेनम देकर आईसीयू में रखा, अक्षय की हालत सामान्य
Image Source:(Internet)
नागपुर। कलमना फायर स्टेशन परिसर स्थित स्टेट फायर एकेडमी के ट्रेनिंग सेंटर में बुधवार शाम पीटी सेशन के दौरान दो प्रशिक्षु फायरमैन (Firemen) को संदिग्ध रूप से सांप ने काट लिया। घटना के बाद दोनों को तत्काल उपचार के लिए शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (GMCH) ले जाया गया। फिलहाल सेंटर में करीब 54 प्रशिक्षु फायरमैन प्रशिक्षण ले रहे हैं। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 7.30 बजे पीटी के दौरान दोनों प्रशिक्षुओं ने अपने पैरों में किसी जीव के काटने जैसा महसूस किया। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को निगरानी में रखा।
मनपा आयुक्त ने ली जानकारी
लातूर निवासी यश साहेबराव इडेकर के पैर पर काटने के निशान और दिखाई दे रहे लक्षणों के आधार पर डॉक्टरों ने जहरीले सांप के काटने की आशंका जताई। उसे तत्काल एंटी-वेनम दिया गया और आगे के उपचार के लिए आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। वहीं, जलगांव जिले के चालीसगांव निवासी अक्षय प्रकाश हेलिंगे में फिलहाल किसी तरह के लक्षण नहीं पाए गए हैं। उसे सामान्य वार्ड में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद महानगरपालिका आयुक्त और मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने GMCH पहुंचकर दोनों प्रशिक्षुओं के उपचार की जानकारी ली। कलमना फायर स्टेशन अधिकारी अकीलम शेख सहित अन्य अग्निशमनकर्मी भी अस्पताल में मौजूद रहकर उपचार और समन्वय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।