गंगा का जलस्तर बढ़ा, PM मोदी ने वाराणसी DM से फोन पर लिया बाढ़ का जायजा

    03-Sep-2026
Total Views |
- राहत शिविरों में सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश

Image Source:(Internet)

वाराणसी। लगातार बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से फोन पर बात कर बाढ़ की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। वाराणसी से सांसद पीएम मोदी ने जिलाधिकारी से गंगा के मौजूदा जलस्तर, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों में की जा रही व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी मांगी। उन्होंने जिला प्रशासन को बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए युद्धस्तर पर काम करने और जरूरतमंदों तक सभी आवश्यक सुविधाएं तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जहां राहत सामग्री या अन्य संसाधनों की अतिरिक्त आवश्यकता हो, वहां तुरंत व्यवस्था की जाए और राहत कार्यों में किसी तरह की देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करने को कहा।

चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही गंगा
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, वाराणसी में गंगा का चेतावनी स्तर 70.26 मीटर है, जबकि नदी का जलस्तर 70.28 मीटर दर्ज किया गया है। खतरे का निशान 71.26 मीटर पर है। गंगा का जलस्तर करीब दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। ऐसे में यदि पानी बढ़ने की रफ्तार जारी रही तो नदी खतरे के निशान के करीब पहुंच सकती है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर गंगा की ओर जाने वाले रास्तों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं, अस्सी घाट से केशव घाट के बीच नाव संचालन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। नदी में लोगों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और बाढ़ संभावित इलाकों पर प्रशासन की विशेष नजर है।

8 सितंबर तक बारिश का पूर्वानुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 से 8 सितंबर तक मौसम के सक्रिय रहने का पूर्वानुमान जताया है। 3 से 5 सितंबर और फिर 8 सितंबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 6 और 7 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़कर काफी व्यापक से व्यापक स्तर तक पहुंच सकती हैं। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी होने का अनुमान है। गंगा पहले ही चेतावनी स्तर से ऊपर बह रही है और जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश की संभावना को देखते हुए वाराणसी प्रशासन ने निगरानी और राहत व्यवस्था और मजबूत कर दी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के साथ-साथ नदी किनारे के इलाकों और राहत शिविरों में लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।