‘पहले मुझसे राइट्स लो, फिर फिल्म बनाओ’, अदनान सामी ने पाकिस्तानी जासूस वाले मजाक पर यूं दिया जवाब

    28-Sep-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। सोशल मीडिया पर इन दिनों कॉमेडी शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट 2’ का एक मजेदार सेगमेंट चर्चा में है। शो के लेटेस्ट मेंबर्स-ओनली एपिसोड में आयुष्मान खुराना, कुल्लू, कॉमेडियन रजत सूद और मेंटलिस्ट सुहानी शाह बतौर गेस्ट पैनलिस्ट नजर आए। एपिसोड के दौरान आयुष्मान ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ के बारे में बात की। इसी दौरान फिल्म की कहानी को लेकर हुई बातचीत में कुल्लू ने सिंगर अदनान सामी का नाम लेकर ऐसा मजाक किया कि पूरा पैनल हंसी से लोटपोट हो गया। खास बात यह रही कि यह मजाक खुद अदनान सामी तक भी पहुंच गया और उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका मजेदार अंदाज में जवाब दिया। अब शो का यह हिस्सा सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

आयुष्मान ने बताया फिल्म का प्लॉट, कुल्लू ने जोड़ा अदनान सामी का नाम
एपिसोड में आयुष्मान खुराना अपनी फिल्म ‘उड़ता तीर’ को प्रमोट करते नजर आए। वह फिल्म के नाम वाली ब्लैक टी-शर्ट पहने हुए थे। शो के होस्ट समय रैना ने मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या वह फिल्म के प्रमोशन के लिए शो पर आए हैं। इस पर आयुष्मान ने ‘बिग बॉस’ और ‘अल्फा’ के प्रमोशन से जुड़ा संदर्भ देते हुए मजाक किया। इसके बाद समय ने उनसे फिल्म की कहानी पूछी। आयुष्मान ने बताया कि यह भारत की पहली ‘पैट्रियोटिक कॉमेडी’ बताई जा रही है और इसमें वह एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभा रहे हैं। उनके मुताबिक, फिल्म में उनका किरदार भारत आता है और याददाश्त खोने के बाद खुद को भारतीय समझने लगता है। उसे देशभक्ति याद रहती है, लेकिन वह यह भूल जाता है कि वह किस देश से है।

एक लाइन में कुल्लू ने कर दिया पूरा पैनल लोटपोट

आयुष्मान के इस जवाब के तुरंत बाद कॉमेडियन कुल्लू ने फिल्म की कहानी को अदनान सामी से जोड़ते हुए कहा, “वो अदनान सामी है।” कुल्लू की इस वन-लाइनर पर शो में मौजूद सभी लोग हंस पड़े। फिल्म की कहानी और अदनान सामी की नागरिकता से जुड़े सार्वजनिक जीवन के संदर्भ को जोड़कर किया गया यह मजाक सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आ गया। इसी बीच शो के इस हिस्से की रील अदनान सामी तक भी पहुंच गई। उन्होंने वीडियो के कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया देते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा, “पहले मुझसे ‘राइट्स’ लो और फिर फिल्म बनाओ!!!!” उनके इस जवाब ने भी सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचा और मजाकिया बातचीत को एक नया ट्विस्ट मिल गया।

2016 में मिली थी भारतीय नागरिकता
अदनान सामी का जन्म लंदन में हुआ था। वह बाद में कनाडाई नागरिक रहे और वर्ष 2016 की शुरुआत में उन्हें प्राकृतिक करण के जरिए भारतीय नागरिकता मिली। संगीत के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। अदनान सामी एक मल्टी-इंस्ट्रूमेंटलिस्ट हैं और 32 वाद्ययंत्र बजाने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं। वहीं, ‘उड़ता तीर’ में आयुष्मान खुराना के साथ सारा अली खान मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का निर्देशन आकाश ए. कौशिक कर रहे हैं और यह उनकी बतौर निर्देशक पहली फिल्म है। फिल्म का निर्माण करण जौहर, अपूर्व मेहता, आदार पूनावाला, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने किया है। फिल्म 9 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।