- 5 से 60 मिनट के अंतराल में बसें उपलब्ध
- निजी वाहनों का इस्तेमाल घटने से ट्रैफिक दबाव भी होगा कम

Image Source:(Internet)
नागपुर। नागपुर शहर में गणेशोत्सव का उत्साह चरम पर है। गणेशभक्तों को प्रमुख गणेश मंडलों तक सुरक्षित, सुविधाजनक और समय पर पहुंचाने के लिए ‘आपली बस’ के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। गणेशोत्सव के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अलग-अलग मार्गों पर बसों की फ्रीक्वेंसी तय की गई है। मार्ग और यात्रियों की संख्या के अनुसार बसें 5 मिनट से लेकर 60 मिनट के अंतराल में उपलब्ध रहेंगी। इससे श्रद्धालुओं को निजी वाहन लेकर निकलने की जरूरत कम होगी और शहर की सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव भी घटाने में मदद मिलेगी।
21 प्रमुख क्षेत्रों के गणेश मंडल बस कनेक्टिविटी से जुड़े
‘आपली बस’ के माध्यम से शहर के प्रमुख गणेश मंडलों तक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इनमें अजनी चौक, बजाज नगर, भांडे प्लॉट, भांडेवाड़ी लेआउट, सेंट्रल एवेन्यू, धरमपेठ, गजानन नगर/वर्धा रोड, गांधीबाग, गोकुलपेठ, आईटी पार्क, इतवारी, जरीपटका, कुकरेजा नगर, लकड़गंज, मंगलवारी, महाल, नंदनवन, प्रसाद नगर, प्रताप नगर, सदर और त्रिमूर्ति नगर शामिल हैं। इन प्रमुख इलाकों में स्थित गणेश मंडलों के दर्शन के लिए श्रद्धालु ‘आपली बस’ का उपयोग कर सकेंगे। प्रशासन की कोशिश है कि उत्सव के दौरान अधिक से अधिक नागरिक सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।
सार्वजनिक परिवहन से सुगम होगा गणेशोत्सव का सफर
गणेशोत्सव के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से ट्रैफिक व्यवस्था पर भी दबाव रहता है। ऐसे में ‘आपली बस’ की सुविधा लोगों के लिए किफायती और सुविधाजनक विकल्प साबित हो सकती है। नियमित अंतराल पर बसें उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को प्रमुख गणेश मंडलों तक पहुंचने में आसानी होगी। साथ ही बड़ी संख्या में निजी वाहनों के सड़कों पर नहीं आने से ट्रैफिक जाम और पार्किंग की समस्या कम करने में भी मदद मिलेगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गणेश मंडलों तक पहुंचने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।