- शेयर बाजार में घाटा, 5 लाख का कर्ज

Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। शेयर बाजार में हुए नुकसान और बढ़ते कर्ज के दबाव में 28 वर्षीय बीएससी स्नातक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव ने कथित तौर पर बैंक लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। घटना गुरुवार शाम सक्करदरा क्षेत्र में भांडे प्लॉट चौक के पास चौधरी अस्पताल के सामने स्थित एसबीआई शाखा में हुई। आरोपी की पहचान भिवापुर तहसील के तातोली निवासी सूरज भोजराज बोरकर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर करीब 5 लाख रुपए का कर्ज था। शेयर बाजार में लगातार नुकसान के बाद उसने कई लोगों से उधार लिया था और बैंक लोन भी बकाया था। कर्ज चुकाने के बढ़ते दबाव के बीच उसने बैंक लूटने की योजना बनाई।
कैश काउंटर से उड़ाए 4.53 लाख
पुलिस के मुताबिक, वारदात से पहले सूरज ने एक दुकान से मिर्च पाउडर खरीदा और शाम के समय एसबीआई शाखा में पहुंचा। उस वक्त बैंक में दो महिला और तीन पुरुष कर्मचारी मौजूद थे। आरोपी ने अचानक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया, जिससे बैंक के अंदर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान उसने कथित तौर पर 4.53 लाख रुपए नकद उठाए और बैंक से फरार हो गया। कर्मचारियों ने तत्काल सक्करदरा पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और बीट मार्शल की टीमें आरोपी की तलाश में जुट गईं। आसपास के इलाकों में तलाश और जांच के बाद पुलिस ने उसे एनआईटी सोसाइटी स्थित सूर्योदय अस्पताल के पीछे से पकड़ लिया।
पूछताछ में कर्ज का दबाव बताया कारण
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई पूरी 4.53 लाख रुपए की रकम बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि शेयर बाजार में नुकसान के बाद उस पर करीब 5 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। लेनदार लगातार पैसे लौटाने का दबाव बना रहे थे, जिससे वह परेशान था। इसी दबाव के चलते उसने बैंक लूटने का फैसला किया। सक्करदरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने वारदात की योजना कब और कैसे बनाई थी तथा क्या उसने बैंक की पहले से रेकी की थी। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक महेश पांडे कर रहे हैं।