1 अक्टूबर को ‘आपली बस’ में मुफ्त सफर, वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा सम्मान

    12-Sep-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर। विश्व वृद्ध दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को नागपुर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई विशेष सुविधाओं और कार्यक्रमों की घोषणा की गई है। इस दिन वरिष्ठ नागरिक शहर की ‘आपली बस’ सेवा में नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगे। महापौर नीता ठाकरे ने वरिष्ठ नागरिक परिषद, नागपुर जिला के सदस्यों के साथ हुई बैठक के बाद यह घोषणा की। इस संबंध में एनएमसी ज्येष्ठ नागरिक कक्ष के संयोजक सुरेश रेवतकर की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन में सुविधा देने के साथ उन्हें सम्मान और सामाजिक सहभागिता का अवसर उपलब्ध कराना है। 1 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के योगदान को भी सामने लाया जाएगा।

सुरेश भट सभागृह में बिना शुल्क दिखा सकेंगे प्रतिभा
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महापौर ने रेशिमबाग स्थित सुरेश भट सभागृह नि:शुल्क उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। यहां वरिष्ठ नागरिक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। गायन, कराओके और नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सभागृह का उपयोग किया जा सकेगा। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नागपुर महानगरपालिका के सभी 10 जोन में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। एक अलग स्वास्थ्य शिविर सुरेश भट सभागृह में भी आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पर जोर दिया जाएगा।

कला से शिक्षा तक योगदान देने वाले 75 वरिष्ठ नागरिकों का होगा सम्मान
एनएमसी के 75वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में वरिष्ठ नागरिक परिषद ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 75 वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान का प्रस्ताव रखा है। कला, विज्ञान, सामाजिक कार्य, चिकित्सा, मीडिया और शिक्षा सहित अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी सेवाओं और योगदान से समाज को दिशा देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को इस सम्मान के लिए चुना जाएगा। परिषद का कहना है कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और योगदान समाज की महत्वपूर्ण पूंजी है। उनके कार्यों को सम्मानित करने के साथ युवा पीढ़ी को भी उनसे प्रेरणा मिलेगी। इस आयोजन को एनएमसी के 75वें स्थापना वर्ष के समारोह से जोड़कर वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार
विश्व वृद्ध दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयोजित निबंध लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 1 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम शाम 5 बजे सुरेश भट सभागृह में आयोजित होगा। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कार्यक्रम में एनएमसी के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में परिषद के सचिव सुरेश रेवतकर, एडवोकेट मोरेश्वर उपासे, काशीनाथ धांडे, देवराव सावईथुल, अरविंद तायड़े, भाऊराव मुले, कमल तायड़े सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।