रोहित पवार कांग्रेस में जा सकते हैं? भाजपा MLC परिनय फुके के दावे से महाराष्ट्र में सियासी हलचल

    10-Sep-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

मुंबई। भाजपा के विधान परिषद सदस्य परिनय फुके ने गुरुवार को दावा किया कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार कांग्रेस में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं। फुके के मुताबिक, रोहित पवार ने हाल ही में भंडारा-गोंदिया का दौरा किया और इसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नाना पटोले को खुश करने की कोशिश से जोड़ते हुए उन्होंने यह दावा किया। फुके ने यह भी कहा कि रोहित पवार और एनसीपी (एसपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के बीच रिश्ते ठीक नहीं हैं और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी उनसे नाराज हैं। हालांकि, फुके के दावे पर रोहित पवार ने पलटवार करते हुए इसे बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि फुके को उनके व्यक्तिगत मामलों पर टिप्पणी करने के बजाय किसानों और उनके मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

‘मेरी चिंता मत करो...’, रोहित पवार का पलटवार
रोहित पवार ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि उनके बारे में कौन क्या दावा कर रहा है। उन्होंने भाजपा MLC परिनय फुके की मुख्यमंत्री से कथित नजदीकी को लेकर सवाल उठाते हुए पूछा कि इस नजदीकी का इस्तेमाल किस काम के लिए किया जा रहा है। पवार ने आरोप लगाया कि फुके अपनी राजनीतिक पहुंच का इस्तेमाल विपक्षी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई कराने और कथित अवैध रेत कारोबार में शामिल भाजपा से जुड़े लोगों को बचाने के लिए करते हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप की बजाय किसानों के मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। पवार ने धान खरीद और बोनस का मुद्दा उठाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में धान 3,500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है, जबकि महाराष्ट्र में किसानों को 2,300 रुपए मिल रहे हैं। उन्होंने सरकार से 2025-26 के लिए घोषित बोनस देने और धान की खरीद 3,500 रुपए प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग की।

मनरेगा में 12 करोड़ की कथित गड़बड़ी का आरोप
रोहित पवार ने गोंदिया जिले के देवरी तहसील में रोजगार गारंटी योजना के क्रियान्वयन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि कागजों पर करीब 12 करोड़ रुपए की राशि निकाले जाने की जानकारी सामने आई है और 55 गांवों में जांच होने पर यह आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है। पवार के मुताबिक, चार गांवों के ऑडिट में ही कथित तौर पर 12 करोड़ रुपए की अनियमितता सामने आई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि योजना के लिए खरीदी गई सामग्री एक स्थानीय निकाय के भाजपा अध्यक्ष से जुड़ी दुकान से ली गई। पवार ने कहा कि आने वाले दिनों में इस मामले में सुनवाई होने की उम्मीद है। उन्होंने फुके पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार भाजपा की है, इसलिए उन्हें उनके निजी मामलों के बजाय कथित भ्रष्टाचार पर जवाब देना चाहिए। फिलहाल रोहित पवार के कांग्रेस में जाने की अटकलों पर उनकी ओर से कोई पुष्टि नहीं हुई है।