चिखली-कलमना में अवैध एलपीजी रिफिलिंग का भंडाफोड़, 400 से ज्यादा सिलेंडर जब्त

    10-Sep-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर | जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में गठित फ्लाइंग स्क्वॉड ने बुधवार को चिखली-कलमना क्षेत्र में कथित अवैध एलपीजी सिलेंडर रिफिलिंग यूनिट पर बड़ी कार्रवाई की। जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद पाडोले के मार्गदर्शन में जोनल अधिकारी सागर बावरे और वैभव खैरकर तथा आपूर्ति निरीक्षक प्रदीप भावे की टीम ने सूचना के आधार पर संबंधित परिसर की जांच की। मौके से अलग-अलग क्षमता के 400 से अधिक एलपीजी सिलेंडर मिले। इनमें घरेलू और व्यावसायिक उपयोग के 14.2 किलो, 19.2 किलो, 5 किलो और 2 किलो क्षमता वाले सिलेंडर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान टीम ने सिलेंडरों के भंडारण और उपयोग से संबंधित दस्तावेजों की जांच शुरू की।

दस्तावेज और रिफिलिंग उपकरणों की जांच
अधिकारियों के अनुसार, बरामद सिलेंडर कहां से लाए गए, उनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था और उनके भंडारण व रिफिलिंग के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। कथित रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की भी पड़ताल की जा रही है। टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि मामले में संबंधित पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। जांच में जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ लागू कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।