
Image Source:(Internet)
नागपुर | शहर की करीब 145 साल पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान मारबत उत्सव इस बार और भव्य रूप में मनाया जाएगा। नागपुर महानगरपालिका (NMC) ने उत्सव को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विशेष तैयारियां शुरू की हैं। महापौर नीता ठाकरे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मारबत उत्सव के लिए NMC के बजट में विशेष प्रावधान किया गया है। इसका उद्देश्य शहर की इस अनूठी परंपरा को संरक्षित करने के साथ नई पीढ़ी और देश-दुनिया तक पहुंचाना है। हर वर्ष की तरह इस बार भी पीली मारबत का आयोजन तरहाने तेली समाज तथा काली मारबत का आयोजन काली मारबत उत्सव समिति की ओर से किया जाएगा। मुख्य मारबत उत्सव 11 सितंबर 2026 को होगा। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए NMC के विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
7 स्थानों पर स्वागत मंच
उत्सव के दौरान शोभायात्रा मार्ग पर स्वागत द्वार, सजावट, स्वागत मंच और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। गांधी पुतला चौक पर NMC का मुख्य कार्यक्रम होगा। इसके अलावा कुंभारपुरा चौक, गोलीबार चौक, भारत माता चौक, शहीद चौक, टांगा स्टैंड चौक, कोतवाली चौक और मस्कासाथ स्थित छोटेलाल हलवाई के पास स्वागत मंच बनाए जाएंगे। इस बार उत्सव में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, राज्यमंत्री आशीष जायसवाल समेत सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। फ्रांस, इटली, फिनलैंड और नॉर्वे के वाणिज्य दूतावासों के प्रतिनिधियों के भी पहुंचने की संभावना है।
विदेशी मेहमान देखेंगे मारबत मिलन
मारबत उत्सव को अंतरराष्ट्रीय मंच देने के लिए फिल्म निर्माता सुभाष घई, जय मेहता, अभिनेता जैकी श्रॉफ समेत कई प्रमुख हस्तियों को भी आमंत्रित किया गया है। विदेशी मेहमानों को मारबत की पारंपरिक भेंट और सांस्कृतिक स्वरूप से रूबरू कराने के लिए नेहरू पुतला चौक के पास विशेष व्यवस्था की जाएगी। उत्सव से जुड़ी पुरानी यादों और इतिहास को सामने लाने के लिए NMC की ओर से 10 और 11 सितंबर को ऐतिहासिक मारबत फोटोग्राफी प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी आयोजित की गई है। कवि सुरेश भट सभागृह के भूतल स्थित प्रदर्शनी हॉल में लगने वाली यह प्रदर्शनी सुबह 10 से रात 8 बजे तक नागरिकों के लिए खुली रहेगी। शहरवासियों से मारबत परंपरा से जुड़ी पुरानी और दुर्लभ तस्वीरें प्रदर्शनी के लिए उपलब्ध कराने की अपील की गई है।
मारबत के साथ प्लास्टिक मुक्त नागपुर का संदेश
इस बार सांस्कृतिक उत्सव को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा गया है। NMC के प्लास्टिक मुक्त नागपुर अभियान के तहत मनपा और निजी स्कूलों के विद्यार्थी विशेष प्लास्टिक संग्रह अभियान में हिस्सा ले रहे हैं। इसके जरिए मारबत उत्सव के साथ नागरिकों और विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा। महापौर नीता ठाकरे ने नागरिकों से बड़ी संख्या में उत्सव में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि NMC का प्रयास शहर की ऐतिहासिक परंपराओं को सहेजने के साथ उन्हें व्यापक पहचान दिलाना है। करीब डेढ़ सदी से चली आ रही मारबत की परंपरा इस बार सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण जागरूकता और वैश्विक पहचान तीनों का संगम बनती नजर आएगी।