सहवाग और द्रविड़ के बेटों की टीम इंडिया में एंट्री! ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ U-19 सीरीज में मिला मौका

    27-Aug-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

एबी न्यूज़ नेटवर्क। भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटों ने जूनियर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऑस्ट्रेलिया U-19 के खिलाफ गुजरात में होने वाली घरेलू सीरीज के लिए भारतीय U-19 टीम की घोषणा कर दी गई है। इसमें पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और पूर्व कप्तान व कोच राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए चुना गया है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने टीम चयन की पुष्टि की। वनडे टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी को सौंपी गई है, जबकि यशवर्धन चौहान उपकप्तान होंगे। दोनों खिलाड़ी चार दिवसीय मुकाबलों में अपनी भूमिका बदलेंगे। वहां यशवर्धन कप्तानी और लक्ष्य उपकप्तानी संभालेंगे।

18 सितंबर से शुरू होगी वनडे सीरीज
ऑस्ट्रेलिया U-19 का भारत दौरा राजकोट में वनडे सीरीज से शुरू होगा। पहला मुकाबला 18 सितंबर, दूसरा 21 सितंबर और तीसरा 23 सितंबर को खेला जाएगा। सभी मैच सुबह 9 बजे से शुरू होंगे। इसके बाद पहला चार दिवसीय मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में होगा, जबकि दूसरा मैच 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के ‘बी’ ग्राउंड पर खेला जाएगा। वनडे टीम में लक्ष्य रायचंदानी, यशवर्धन चौहान, राजत बघेल, आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़, वी. यशवीर, रोहित यादव, शाविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट और काव्या पटेल शामिल हैं।

पिता की विरासत से अलग अपनी पहचान बनाने की चुनौती

आर्यवीर और अन्वय के चयन के बाद दोनों पर स्वाभाविक रूप से अतिरिक्त नजरें रहेंगी। वीरेंद्र सहवाग अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और राहुल द्रविड़ अपनी तकनीक व धैर्य के लिए दुनिया भर में पहचाने जाते हैं। ऐसे में उनके बेटों के राष्ट्रीय जूनियर टीम में पहुंचने को क्रिकेट जगत में खास उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि दोनों युवा खिलाड़ियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती अपने पिता की विरासत के दबाव से अलग मैदान पर खुद की पहचान बनाना होगी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी सीरीज उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट वातावरण में अपनी प्रतिभा साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर देगी।