सीएम फडणवीस ने किया समय रैना का सम्मान! समय ने कहा, ‘महाराष्ट्र साइबर और मेरा रिश्ता बहुत पुराना है'

    27-Aug-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

मुंबई। महाराष्ट्र साइबर के मंच पर बुधवार को कॉमेडियन समय रैना का अंदाज चर्चा में रहा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साइबर जागरूकता अभियान में योगदान के लिए रैना को सम्मानित किया, तो उन्होंने अपने पुराने अनुभवों को ही कॉमेडी का विषय बना दिया। महाराष्ट्र साइबर ने ‘डिजिटल अरेस्ट’ नाम की साइबर-अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म और ‘1930 महाराष्ट्र साइबर एंथम’ लॉन्च किया। रैना भी इस अभियान का हिस्सा रहे। सम्मान मिलने के बाद उन्होंने मंच से कहा, “मेरा और महाराष्ट्र साइबर सेल का रिश्ता बहुत पुराना है।” इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र साइबर की सक्रियता पर मजाकिया अंदाज में कहा कि आप अमेरिका में हों या भारत में, “वे आपको पकड़ लेंगे।” उनके इस अंदाज पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े। रैना का यह संदर्भ उनके शो ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ से जुड़े पुराने साइबर सेल प्रकरण की ओर भी इशारा करता था।

‘1930 बहुत ग्रेट नंबर है’, फिर बिस्किट ने खींचा ध्यान
समय रैना ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 को लेकर भी अपने अंदाज में बात की। उन्होंने कहा कि “1930 इज रियली अ ग्रेट नंबर” और मजाक में बताया कि उन्होंने यह नंबर सेव कर रखा है। इसके बाद कार्यक्रम में एक और पल ने सोशल मीडिया पर ध्यान खींचा। मुख्यमंत्री फडणवीस से सम्मान लेते समय रैना की नजर सामने रखे बिस्किट पर पड़ी और उन्होंने सहज अंदाज में पूछा, “सर, मैं एक बिस्किट ले सकता हूं?” उनके इस सवाल पर मुख्यमंत्री भी मुस्कुराए और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। रैना ने यह भी मजाक किया कि आमतौर पर साइबर सेल किसी कॉमेडियन को सुबह उठाने के लिए नहीं जाना जाता, लेकिन इस बार सम्मान समारोह के लिए साइबर सेल ने उन्हें सुबह जगा दिया।

पुराने विवाद से नए संदेश तक बदला मंच
रैना का महाराष्ट्र साइबर के साथ यह जुड़ाव इसलिए भी खास रहा क्योंकि पहले उनका नाम साइबर सेल की जांच से जुड़ा था, जबकि इस बार वही एजेंसी उन्हें साइबर जागरूकता अभियान में सम्मानित कर रही थी। ‘डिजिटल अरेस्ट’ अभियान का उद्देश्य लोगों को उस ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करना है, जिसमें ठग खुद को पुलिस, CBI या अन्य सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को गिरफ्तारी का डर दिखाते हैं और पैसे ऐंठते हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी नागरिकों से ऐसे किसी दबाव में नहीं आने और साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की अपील की। इस तरह गंभीर साइबर जागरूकता संदेश के बीच समय रैना के हास्य ने कार्यक्रम को हल्का-फुल्का अंदाज दिया, वहीं उनका पुराना साइबर सेल कनेक्शन भी चर्चा का केंद्र बन गया।