- बाढ़ प्रभावित नेपाल में नागपुर के लोगों की तलाश

Image Source:(Internet)
नागपुर। नेपाल में भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए नागपुर जिला प्रशासन ने वहां फंसे जिले के पर्यटकों और नागरिकों की जानकारी जुटाने के लिए तत्काल अपील जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार नेपाल के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों के प्रभावित होने की सूचना है। ऐसे में आशंका है कि नेपाल घूमने गए भारत के नागरिकों में नागपुर जिले के लोग भी प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हो सकते हैं। प्रशासन ने ऐसे परिवारों और परिजनों से अपील की है कि यदि उनका कोई रिश्तेदार या परिचित नेपाल में फंसा है, तो उसकी जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि राहत एवं सहायता के लिए आवश्यक समन्वय किया जा सके।
यात्री का नाम, नंबर और लोकेशन बताएं
प्रशासन ने फंसे हुए यात्रियों से संबंधित विस्तृत जानकारी मांगी है। इसमें यात्री का नाम, मोबाइल नंबर, नेपाल में वर्तमान स्थान, मौजूदा स्थिति, साथ यात्रा कर रहे लोगों की जानकारी तथा अन्य जरूरी विवरण शामिल हैं। इन जानकारियों के आधार पर प्रशासन संबंधित एजेंसियों के साथ संपर्क स्थापित कर प्रभावित नागरिकों तक सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जानकारी उपलब्ध होने पर उसे बिना देरी साझा करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष ऑनलाइन पोर्टल भी उपलब्ध कराया गया है, जहां फंसे हुए यात्रियों और पर्यटकों का विवरण दर्ज किया जा सकता है।
आपदा प्रबंधन विभाग से करें संपर्क
नागपुर जिले से संबंधित सहायता या जानकारी के लिए नागरिक कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने इसके लिए 0712-2562668 और 8860018817 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने परिवारों और रिश्तेदारों से अपील की है कि नेपाल में फंसे किसी भी नागपुर निवासी की जानकारी मिलने पर नाम, संपर्क नंबर और वर्तमान लोकेशन सहित विवरण जल्द उपलब्ध कराएं। प्रशासन का उद्देश्य उपलब्ध सूचनाओं को संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाकर प्रभावित लोगों की सुरक्षित वापसी और आवश्यक सहायता के लिए समन्वय सुनिश्चित करना है।