- मंथन4युवा के समापन समारोह में महाराष्ट्र की संस्कृति और युवा शक्ति का भव्य प्रदर्शन
- 585 ध्वजवाहकों ने भी लिया हिस्सा
Image Source:(Internet)
नागपुर। ढोल-ताशों (Dhol-Tasha) की गूंज, पारंपरिक परिधान में सजे युवा कलाकार, हाथों में लहराते ध्वज और महाराष्ट्र की संस्कृति को प्रस्तुत करने का उत्साह... रविवार सुबह रेशिमबाग ग्राउंड का नजारा कुछ ऐसा ही था। ‘मंथन4युवा’ के भव्य समापन समारोह में महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत और युवा शक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में 4100 युवाओं और कलाकारों ने एक साथ ढोल-ताशा अभिवादन प्रस्तुत कर रिकॉर्ड बनाया। 585 पंजीकृत ध्वजवाहकों की सहभागिता ने इस प्रस्तुति को और भव्य बना दिया। इस उपलब्धि को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और वर्ल्ड रिकॉर्ड्स बुक ऑफ इंडिया में दर्ज किया गया। आयोजन में 25 हजार से अधिक युवाओं की मौजूदगी रही। इससे पहले यह रिकॉर्ड 260 ध्वजवाहकों के नाम था।
मंच पर दिखी युवाओं की प्रतिभा और सपनों की उड़ान
मंथन4युवा के मंच पर ढोल-ताशा की गूंज के साथ युवाओं की प्रतिभा और आकांक्षाओं को भी मंच मिला। शिक्षा, खेल, कौशल विकास, स्टार्टअप और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे युवाओं ने अपने अनुभव और सपनों को साझा किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले यूथ आइकॉन को सम्मानित भी किया गया। सम्मानित होने वालों में भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा, ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख, पैरा-एथलीट दिलीप गावित, जेनेरिक आधार के सीईओ अर्जुन देशपांडे और जो जीरो के सीईओ किरण शाह शामिल रहे। युवाओं को इन सफल व्यक्तित्वों के संघर्ष, चुनौतियों और उपलब्धियों से सीखने का अवसर मिला। मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी Gen Z, Gen Alpha और अन्य युवाओं के साथ संवाद करते हुए उनकी आकांक्षाओं और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की।
हजारों युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
कार्यक्रम में युवाओं को केवल संस्कृति और मनोरंजन से जोड़ने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया गया। ‘नशामुक्त भारत’ अभियान के तहत पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील ने हजारों युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। युवाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और नशे के सेवन या बिक्री को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं करेंगे। साथ ही नशामुक्त युवा पीढ़ी तैयार करने में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में युवाओं की बड़ी भागीदारी ने यह संदेश भी दिया कि महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी ऊर्जा और आधुनिक सोच के साथ आगे बढ़ा सकती है।
युवाओं की आकांक्षाओं को मिलेगी पूरी ताकत : फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा के दम पर हर क्षेत्र में पहचान बना रहा है। युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी भागीदारी बढ़ाने को सरकार प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को सहयोग देने के उद्देश्य से स्टार्टअप इकोसिस्टम पॉलिसी तैयार की गई है और युवाओं से चर्चा कर इसमें आवश्यक सुधार भी किए जाएंगे। संविधान हर व्यक्ति को अपनी क्षमता साबित करने और आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को स्क्रीन से मैदान तक लाने के लिए विशेषज्ञों के साथ ठोस नीति बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। रेशिमबाग ग्राउंड में ढोल-ताशा की सामूहिक प्रस्तुति ने महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी की ऊर्जा से जोड़ते हुए आयोजन को यादगार बना दिया।