गोविंदा-सुनीता की शादी में खटास पर कृष्णा अभिषेक ने तोड़ी चुप्पी

    24-Aug-2026
Total Views |
- कहा- परिवार के निजी मामले घर तक ही रहने चाहिए, मामा-मामी दोनों से प्यार, जल्द सुलझे मतभेदों की प्रार्थना करता हूं

Krushna Abhishek
 Image Source:(Internet)
 
एबी न्यूज़ नेटवर्क। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा (Govinda) और सुनीता आहूजा के रिश्ते में चल रही कथित अनबन इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इसी बीच गोविंदा के भांजे और अभिनेता-कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक ने पहली बार इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। कृष्णा को हाल ही में एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, जहां पैपराजी ने उनसे मामा गोविंदा और मामी सुनीता के रिश्ते को लेकर सवाल किया। कृष्णा ने इस दौरान परिवार के निजी मामलों पर सार्वजनिक चर्चा को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि परिवार के व्यक्तिगत मामलों को घर के भीतर ही रखा जाना चाहिए। उनका कहना था कि उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं है कि दूसरे लोग परिवार के मामले पर इतनी चर्चा करें और सवाल उठाएं। कृष्णा ने साफ किया कि वह खुद इस विषय पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहना चाहते।
 
‘मामा-मामी दोनों से बहुत प्यार करता हूं’
कृष्णा अभिषेक ने कहा कि गोविंदा उनके मामा हैं और वह इस तरह के निजी मामलों पर व्यक्तिगत रूप से बात नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं अपनी मामी से बहुत प्यार करता हूं और अपने मामा से भी।” कृष्णा ने परिवार के बीच चल रही स्थिति पर किसी तरह की टिप्पणी करने से बचते हुए उम्मीद जताई कि दोनों के बीच मतभेद जल्द दूर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह प्रार्थना करते हैं कि यह पूरा मामला जल्द सुलझ जाए। गौरतलब है कि कृष्णा और गोविंदा के परिवारों के बीच भी लंबे समय तक विवाद रहा था और दोनों परिवारों के बीच मतभेद सार्वजनिक हो गए थे। हालांकि, बाद में रिश्तों में सुधार आया और कृष्णा कई मौकों पर गोविंदा और सुनीता के प्रति स्नेह जताते नजर आए हैं।

तलाक की अर्जी वापस लेने के बाद फिर चर्चा में रिश्ता
गोविंदा और सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर हालिया विवाद तब सामने आया जब सुनीता ने कथित तौर पर गोविंदा से तलाक की अर्जी वापस ले ली। इसके बाद उन्होंने राखी सावंत से फोन पर बातचीत के दौरान दावा किया कि उन्होंने यह कदम इसलिए उठाया क्योंकि उन्हें कथित तौर पर लगा कि गोविंदा उस महिला से दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहे हैं, जिसके साथ उनके अफेयर की खबरें सामने आई थीं। इससे पहले गोविंदा को एयरपोर्ट पर नई अभिनेत्री कोमल रानी के साथ देखा गया था। बताया गया कि गोविंदा ने पैपराजी से उनका परिचय भी कराया। इसके बाद सुनीता की कथित प्रतिक्रिया को लेकर कई खबरें सामने आईं। उन्होंने महिला की उम्र और पहनावे को लेकर टिप्पणी की, जिसके बाद दोनों के बीच कथित तौर पर विवाद बढ़ने की बात कही गई।
 
गोविंदा की ओर से सार्वजनिक नोटिस भी जारी
मामले के बीच गोविंदा की ओर से एक सार्वजनिक नोटिस जारी किए जाने की भी खबर है। इसमें मीडिया संस्थानों, डिजिटल प्लेटफॉर्म, कंटेंट क्रिएटर्स और आम लोगों को अभिनेता और उनके परिवार के बारे में कथित तौर पर झूठी, मानहानिकारक, दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत या अपुष्ट सामग्री बनाने और प्रसारित करने के खिलाफ चेतावनी दी गई है। नोटिस में गोविंदा की कथित कोर्ट मैरिज और तलाक से जुड़ी खबरों का भी जिक्र किया गया है, जिन्हें उनके पक्ष की ओर से गलत बताया गया। इसके अलावा फोटो, वीडियो, ऑडियो, मॉर्फ्ड तस्वीरों, डीपफेक और AI से तैयार या बदले गए कंटेंट को लेकर भी चेतावनी दी गई है। नोटिस के मुताबिक, गोविंदा ने अपनी आवाज, तस्वीर, पहचान या निजी और पारिवारिक जीवन से जुड़ी सामग्री को AI अथवा अन्य डिजिटल तकनीकों के जरिए बनाने या बदलने की किसी को अनुमति नहीं दी है।