
Image Source:(Internet)
मुंबई : मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी रेड अलर्ट और भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनज़र महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही सोमवार को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने सदन की कार्यवाही स्थगित करते हुए नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की। सदन में पिछले दो दिनों के दौरान बारिश से हुई मौतों का मुद्दा कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने उठाया, जिसका समर्थन कांग्रेस विधायक अमीन पटेल और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के विधायक अजय चौधरी ने किया। उन्होंने बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाने की मांग की।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार और पूरा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है तथा जहां भी व्यवस्थाओं में कमियां सामने आएंगी, उन्हें तत्काल दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिक अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंबई-पुणे मार्ग पर संभावित भूस्खलन को लेकर समय रहते चेतावनी जारी कर दी गई थी। आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि सोमवार दोपहर 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। फडणवीस ने बताया कि रविवार को लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण अकेले एक दिन में 350 पेड़ गिरने की घटनाएं दर्ज की गईं। सरकार ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन से तत्काल संपर्क करने की अपील की है।