RML अस्पताल पहुंचे राहुल और प्रियंका गांधी, घायल CJP प्रदर्शनकारियों से की मुलाकात

    22-Jul-2026
Total Views |
- पुलिस कार्रवाई पर केंद्र सरकार को घेरा
- पीएम मोदी, अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की उठाई मांग

Image Source:(Internet)

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च के दौरान पुलिस कार्रवाई में घायल हुए प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और सांसद केसी वेणुगोपाल भी मौजूद रहे। अस्पताल पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए और प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल शिक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और उनके बढ़ते असंतोष से जुड़ा हुआ है। राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं के सामने अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं और प्रतियोगी परीक्षाएं ही एकमात्र उम्मीद थीं, लेकिन उन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

'यह सिर्फ शिक्षा नहीं, युवाओं के भविष्य का सवाल'
राहुल गांधी ने कहा कि छात्र केवल परीक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं, बल्कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर भी गहरी चिंता है। उनके अनुसार, देश के युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं, जिससे उनमें निराशा बढ़ रही है। कांग्रेस नेता ने उद्योगपति मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक ओर युवा अपने भविष्य को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर बड़े उद्योगपतियों के भव्य आयोजनों पर भारी खर्च देखने को मिलता है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था पर कुछ चुनिंदा लोगों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है, जिससे आम छात्रों के हित प्रभावित हो रहे हैं।

जेपी नड्डा ने भी लिया घायलों का हाल
उधर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा भी RML अस्पताल पहुंचे और पुलिस कार्रवाई में घायल लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टरों से भी मुलाकात कर घायलों के उपचार की जानकारी ली। यह घटनाक्रम उस दिन के बाद सामने आया, जब CJP के 'चलो संसद' मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, हिंसा में 118 से अधिक पुलिसकर्मी और करीब 60 प्रदर्शनकारी घायल हुए। वहीं विपक्ष का आरोप है कि छात्रों पर पुलिस ने आवश्यकता से अधिक बल प्रयोग किया, जबकि दिल्ली पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स तोड़कर सुरक्षा घेरा पार करने की कोशिश कर रहे थे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं और मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।