
Image Source:(Internet)
मुंबई। नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो 'लॉक अप: सच या सज़ा' में अभिनेता राम कपूर इन दिनों एक विवाद को लेकर सुर्खियों में हैं। शो के एक एपिसोड में उन्होंने टास्क जीतने के बाद साथी प्रतियोगी श्रेया कालरा के गाल पर बिना उनकी सहमति के किस कर दिया था। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने राम कपूर की आलोचना करते हुए उन्हें 'ठरकी' और अनुचित व्यवहार करने वाला बताया। बाद में श्रेया कालरा ने भी शो में शिल्पा शिंदे से बातचीत के दौरान कहा कि उन्हें यह व्यवहार असहज लगा और किसी की निजी सीमाओं (पर्सनल बाउंड्री) का सम्मान किया जाना चाहिए। बढ़ते विवाद के बीच अब राम कपूर की पत्नी और अभिनेत्री गौतमी कपूर उनके समर्थन में सामने आई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर ट्रोल्स को करारा जवाब दिया और अपने पति का पक्ष रखा।
'राम दिल के साफ इंसान हैं, उनकी मंशा गलत नहीं थी'गौतमी कपूर ने वीडियो में कहा कि वह पहले इस मुद्दे पर चुप रहना चाहती थीं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से राम कपूर के खिलाफ जिस तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं, उसके बाद उन्हें सामने आना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोग राम को 'थरकी', 'घटिया' और 'बूढ़ा आदमी' जैसे शब्दों से संबोधित कर रहे हैं, जबकि वह वास्तव में ऐसे इंसान नहीं हैं। गौतमी ने कहा कि राम हमेशा से बेहद भावुक और दिल के साफ व्यक्ति रहे हैं और बिना किसी रणनीति के इस रियलिटी शो में शामिल हुए हैं। उनके अनुसार, यदि राम का व्यवहार वास्तव में गलत या आपत्तिजनक होता, तो घर के अन्य सदस्य शुरुआती दिनों में ही इसका विरोध करते। उन्होंने यह भी कहा कि विवाद उस समय बढ़ा, जब राम ने गैंग लीडर के रूप में श्रेया का समर्थन नहीं किया। हालांकि, यह पूरी तरह उनका व्यक्तिगत फैसला था और वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहतीं।
'एडिटेड एपिसोड देखकर फैसला न करें', परिवार पर असर पड़ने की कही बातगौतमी कपूर ने दर्शकों से अपील की कि वे केवल टीवी पर दिखाए जाने वाले संपादित एपिसोड के आधार पर किसी प्रतियोगी के चरित्र का आकलन न करें। उन्होंने कहा कि दर्शकों को 24 घंटे की पूरी घटनाएं नहीं दिखाई जाती, इसलिए किसी एक क्लिप के आधार पर कठोर और जहरीली टिप्पणियां करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर की जाने वाली ऐसी टिप्पणियों का असर केवल कलाकार पर ही नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार पर पड़ता है। गौतमी ने सभी प्रतियोगियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह अंत तक अपने पति राम कपूर का समर्थन करती रहेंगी। उल्लेखनीय है कि 'लॉक अप: सच या सज़ा' नेटफ्लिक्स पर शनिवार से गुरुवार रात 8 बजे प्रसारित किया जाता है और हाल के दिनों में यह शो लगातार विवादों और चर्चाओं के कारण सुर्खियों में बना हुआ है।