जेनिफर विंगेट ने यूके में बिजनेसमैन विलियम इश्माइल से की शादी! वीडियो शेयर कर फैंस को दिया सरप्राइज

    19-Jul-2026
Total Views |
शादी का वीडियो साझा कर रिश्ते पर लगाई आधिकारिक मुहर

Image Source:(Internet)

Mumbai : टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री जेनिफर विंगेट ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी सबसे बड़ी खुशखबरी फैंस के साथ साझा करते हुए बिजनेसमैन विलियम इश्माइल से शादी की घोषणा की है। अभिनेत्री ने 18 जुलाई को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक भावुक वेडिंग वीडियो पोस्ट किया, जिसमें शादी समारोह की खूबसूरत झलकियां दिखाई गई हैं। वीडियो में जेनिफर और विलियम को हाथों में हाथ डालकर चलते, एक-दूसरे के साथ मुस्कुराते, शादी की रस्में निभाते और परिवार व करीबी दोस्तों के साथ इस खास पल का जश्न मनाते देखा जा सकता है। वीडियो साझा करते हुए जेनिफर ने लिखा, "...and finally our stars aligned!" साथ ही उन्होंने एक संदेश में पहली बार अपने पति का परिचय देते हुए लिखा, "Officially introducing you to my man, my husband, Will!" जेनिफर हमेशा अपनी निजी जिंदगी को लाइमलाइट से दूर रखती आई हैं, ऐसे में उनकी शादी की खबर ने प्रशंसकों को चौंका दिया। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया और फैंस के साथ-साथ टीवी इंडस्ट्री के कलाकारों ने भी नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं।



निजी रखा गया शादी समारोह
जेनिफर विंगेट की शादी यूनाइटेड किंगडम में बेहद निजी समारोह में संपन्न हुई, जिसमें केवल परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए। शादी के दौरान उनका ब्राइडल लुक सोशल मीडिया पर खास आकर्षण का केंद्र बना। उन्होंने डिजाइनर कार्लियो (Karleo) द्वारा तैयार किया गया कस्टम-मेड व्हाइट वेडिंग गाउन पहना, जिसमें स्ट्रैपलेस स्वीटहार्ट नेकलाइन, आकर्षक बीडवर्क और बारीक कढ़ाई की गई थी। शादी से कुछ दिन पहले उनके वेडिंग गाउन की तैयारियों का बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो भी वायरल हुआ था। इसमें जेनिफर को फैब्रिक चुनते, डिजाइन पर चर्चा करते और ट्रायल सेशन में हिस्सा लेते देखा गया। वीडियो में डिजाइन टीम को गाउन और वेल की अंतिम तैयारियां करते हुए भी दिखाया गया। शादी के बाद चैपल से बाहर निकलते समय मेहमानों ने फूलों की पंखुड़ियों की बारिश कर नवदंपती का स्वागत किया, जिसने इस समारोह को और भी यादगार बना दिया।

कौन हैं विलियम इश्माइल?

रिपोर्ट्स के अनुसार, विलियम इश्माइल सिंगापुर स्थित बिजनेसमैन हैं और एमएचसी डिजिटल ग्रुप में डायरेक्टर ऑफ बिजनेस डेवलपमेंट एंड ट्रेडिंग के पद पर कार्यरत हैं। बताया जाता है कि वह अक्टूबर 2022 से इस कंपनी से जुड़े हुए हैं। इससे पहले भी ऐसी खबरें सामने आई थीं कि जेनिफर और विलियम 16 जुलाई को यूनाइटेड किंगडम में शादी करने वाले हैं, लेकिन अभिनेत्री ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी। अब शादी का वीडियो साझा कर उन्होंने इन अटकलों पर आधिकारिक मुहर लगा दी है। विलियम लंबे समय से लाइमलाइट से दूर रहे हैं और जेनिफर ने भी अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया था। ऐसे में यह घोषणा उनके प्रशंसकों के लिए किसी बड़े सरप्राइज से कम नहीं रही।

जेनिफर की दूसरी शादी,
यह जेनिफर विंगेट की दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी अभिनेता करण सिंह ग्रोवर से हुई थी, लेकिन वर्ष 2014 में दोनों अलग हो गए थे। अपने करियर में 'सरस्वतीचंद्र', 'बेहद' और 'बेपनाह' जैसे लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों से पहचान बनाने वाली जेनिफर अब अपनी निजी जिंदगी की नई शुरुआत कर चुकी हैं। शादी की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर उनका वेडिंग वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी सादगी, खूबसूरत ब्राइडल एंट्री और भावुक पलों की जमकर तारीफ कर रहे हैं। टीवी इंडस्ट्री के लिए भी यह खबर इस समय सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल हो गई है। प्रशंसक नवविवाहित जोड़े के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए उन्हें नई पारी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।