फु क्वोक द्वीप के पास हुआ दर्दनाक हादसा, 36 में से 21 पर्यटक बचाए गए
Image Source:(Internet)
एबी न्यूज़ नेटवर्क। वियतनाम के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे ओशन पियर आइलैंड कंपनी की स्पीडबोट पर्यटकों को होन मय रूट से एन थोई पोर्ट लेकर जा रही थी। यह क्षेत्र फु क्वोक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित है। यात्रा के दौरान समुद्र में तेज लहरों के बीच नाव संतुलन खो बैठी और तट से करीब 499 मीटर पहले पलट गई, जिससे उसमें सवार सभी 36 लोग समुद्र में गिर गए। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय बारिश नहीं हो रही थी, लेकिन समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही थीं, जिन्हें दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। घटना के बाद आसपास मौजूद पर्यटक नौकाएं तुरंत सहायता के लिए पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में नौसेना और कोस्ट गार्ड की मददहादसे की सूचना मिलते ही वियतनाम की नौसेना, कोस्ट गार्ड, बॉर्डर गार्ड और अन्य बचाव एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एन थोई बॉर्डर गार्ड ने मौके पर दो जहाजों के साथ 35 अधिकारियों और जवानों को तैनात किया। बचाव कार्य में शामिल एक नाव चालक ने बताया कि उनकी टीम मात्र पांच मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई थी, लेकिन कई यात्री नाव के अंदर फंसे होने के कारण राहत अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया। काफी मशक्कत के बाद सभी 36 यात्रियों को समुद्र से बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने बताया कि 21 लोग सुरक्षित बच गए, जबकि 15 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों की पहचान और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है, जबकि घायलों का उपचार नजदीकी अस्पतालों में जारी है।
पीड़ित परिवारों के लिए बनाए गए कंट्रोल रूमइस हादसे के बाद वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट जारी कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सहायता के लिए +84 36 281 7930, +84 91 552 3714 और +84 33 452 0414 हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। वहीं, हनोई स्थित कंट्रोल रूम के लिए +84 91 308 9165 नंबर उपलब्ध कराया गया है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि किसी भी प्रकार की सहायता, जानकारी या आपात स्थिति के लिए अधिकारी 24 घंटे उपलब्ध हैं। दूतावास ने प्रभावित परिवारों से आधिकारिक हेल्पलाइन के माध्यम से संपर्क बनाए रखने की अपील की है।