फुटाला तालाब पर एनडीआरएफ के साथ नागपुर पुलिस का मानसून आपदा प्रबंधन अभ्यास

    04-Jun-2026
Total Views |
Image Source:(Internet)

नागपुर। आगामी मानसून 2026 को ध्यान में रखते हुए नागपुर सिटी पुलिस द्वारा आपदा प्रबंधन एवं तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (एनडीआरएफ) के सहयोग से गुरुवार को फुटाला तालाब पर संपन्न हुआ। सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चले इस प्रशिक्षण में कुल 125 पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों ने भाग लिया।

आपदा प्रबंधन, बाढ़ बचाव और रेस्क्यू तकनीकों का प्रशिक्षण
इस प्रशिक्षण सत्र में पुलिस कर्मियों को बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव कार्य, जल-रेस्क्यू तकनीक, आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, तथा राहत एवं बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान यह भी समझाया कि संकट की स्थिति में विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय कैसे स्थापित किया जाए। प्रशिक्षण के दौरान व्यावहारिक डेमो भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें जल में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, नाव संचालन और प्राथमिक बचाव तकनीकों का अभ्यास शामिल रहा।

एनडीआरएफ टीम ने किया प्रभावी प्रदर्शन

कार्यक्रम का संचालन पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, जिनमें पुलिस आयुक्त, उप पुलिस आयुक्त (विशेष शाखा) और सहायक पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में किया गया। PSI गणेश केजकर ने पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वय किया। वहीं एनडीआरएफ टीम लीडर इंस्पेक्टर मिश्रा, इंस्पेक्टर बृजेश यादव एवं उनकी टीम ने विभिन्न रेस्क्यू तकनीकों का प्रभावी प्रदर्शन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य नागपुर पुलिस की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करना और मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करना है।